करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी पहचान होते हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में होने वाली प्रत्येक नई पहल जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित संस्थान आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगे।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने ये विचार आदेश गैस्ट्रो एंड सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, करनाल के उद्घाटन समारोह में सहभागिता करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल के संस्थापक डॉ. अशोक गुप्ता एवं समस्त चिकित्सक दल को नई स्वास्थ्य सेवा की शुरुआत पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों से युक्त यह अस्पताल करनाल ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इससे लोगों को बेहतर उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी तथा स्थानीय स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
महापौर ने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह संस्थान सेवा, समर्पण, संवेदनशीलता और उत्कृष्ट चिकित्सा व्यवस्था के बल पर समाज में विश्वास का नया केंद्र बनेगा तथा जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए अस्पताल परिवार के उज्ज्वल भविष्य, निरंतर प्रगति एवं सफल संचालन की कामना की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति के लिए आशा, विश्वास और बेहतर स्वास्थ्य का केंद्र बने, यही उनकी शुभेच्छा है।
उद्घाटन समारोह में चेयरपर्सन मेघा भंडारी, ललित डाबरा और पूनम सहित परिवार के वरिष्ठ सदस्य, चिकित्सक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
