अंबाला। एक-दो दिन से हो रही बारिश के बीच सोमवार को अंबाला शहर के रविदास माजरी में एक मकान ढह गया। पलक झपकते ही पुरानी कड़ियों पर टिका कच्चा मकान भरभराकर जमीन पर आ गिरा। संयोग ऐसा रहा कि महज कुछ सेकेंड पहले ही महिला अपने तीन बच्चों को लेकर घर से बाहर निकली थी।
यदि परिवार कुछ पल और भीतर ठहर जाता तो यह हादसा पांच लोगों की जान ले सकता था। हादसा रविदास माजरी निवासी पेंटर सुनील के घर में हुआ। सुनील ने बताया कि वह पड़ोस में आयोजित कीर्तन में गया हुआ था। उसकी पत्नी कामना तीनों बच्चों के साथ घर से निकलने की तैयारी कर रही थी। जैसे ही वह बच्चों को लेकर मकान से बाहर आई, अचानक तेज धमाके के साथ छत की पुरानी लकड़ी की कड़ियां टूट गईं और पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
