पंचकूला। घग्गर नदी में अवैध खनन रोकने पहुंची पंचकूला पुलिस और माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम पर खनन माफिया ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपितों ने पहले पुलिस टीम पर पथराव किया और फिर भागने के दौरान पुलिस की जिप्सी पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश कर दी।
इस हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और अवैध खनन में इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉली व उपकरण जब्त कर लिए हैं।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि सेक्टर-25 चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-28 स्थित घग्गर नदी में ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस और माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची तो चार युवक अवैध रूप से खनन सामग्री भरते मिले।
पुलिस को देखते ही आरोपियों ने टीम पर पथराव शुरू कर दिया और ट्रैक्टर लेकर फरार होने लगे। पीछा करने पर उन्होंने ट्रॉली में भरी खनन सामग्री रास्ते में गिरा दी ताकि पुलिस का रास्ता रोका जा सके।
जब पुलिस ने ट्रैक्टर रोकने का प्रयास किया तो आरोपितों ने ट्रैक्टर से पुलिस की जिप्सी को सीधी टक्कर मार दी। जिप्सी क्षतिग्रस्त हो गई और सिपाही अंकित कुमार वाहन से नीचे गिरकर घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसीएच सेक्टर-32, चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
