पंचकूला। जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पंचकूला पुलिस अब स्ट्रीट वेंडर्स और डिलीवरी मैन का पुलिस सत्यापन कराएगी। रेहड़ी, ठेला और फेरी लगाकर सामान बेचने वालों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उनकी रेहड़ियों और वाहनों पर यूनिक नंबर भी अंकित किए जाएंगे।
यह फैसला पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की अध्यक्षता में सेक्टर-4 स्थित कार्यालय में वीरवार को हुई बैठक में लिया गया। बैठक में कानून व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, पुलिस-जन संवाद और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
स्ट्रीट वेंडर्स के सत्यापन का मुद्दा प्रमुखता से उठने पर पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन हर इंसान को आजीविका कमाने का अधिकार भी है।
इसलिए ऐसा तंत्र विकसित किया जाएगा, जिससे अवैध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों की घुसपैठ और सुरक्षा संबंधी जोखिमों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। इसी उद्देश्य से जिले के सभी स्ट्रीट वेंडर्स और डिलीवरी ब्वाय का पुलिस सत्यापन कराया जाएगा।
प्रमुख जगहों पर लगेंगे सीसीटीवी
बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि जिन प्रमुख स्थानों पर अभी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, वहां स्थानीय लोगों और आरडब्ल्यूए के सहयोग से कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि अपराधों की रोकथाम के साथ लोगों में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हो।
लोगों की मांग पर पुलिस कमिश्नर ने बताया कि माजरी चौक पर लगाए गए बैरिकेड फिलहाल प्रयोग के तौर पर हटाए जाएंगे। इस दौरान यातायात व्यवस्था का आकलन किया जाएगा और उसके आधार पर आगे की रणनीति तय होगी, ताकि सुरक्षा और ट्रैफिक के बीच संतुलन बना रहे।
रविवार को होगी विशेष बैठक
बैठक में अन्य विभागों से जुड़े मुद्दे भी उठे, जिन पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान करने का भरोसा दिया गया। पंकज नैन ने कहा कि विशेष अभियानों का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर स्थायी और सकारात्मक बदलाव लाना है।
उन्होंने बताया कि आगामी रविवार शाम चार बजे जिले के विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिक प्रतिनिधियों की संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों के साथ विशेष बैठक होगी, जिसमें स्थानीय स्तर की सुरक्षा संबंधी कार्ययोजना तैयार कर उसे लागू किया जाएगा। साथ ही भविष्य में भी ऐसी संवादात्मक बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी।
