पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सदर पिहोवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 26 जून 2026 को थाना सदर पिहोवा में तैनात उप-निरीक्षक बलबीर सिंह अपनी टीम के साथ गांव टीकरी टी-प्वाइंट पर गश्त एवं अपराधों की रोकथाम के दौरान मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि गांव हरिगढ़ भौरख निवासी रामचन्द्र पुत्र रामप्रताप अपने गांव में एक खुले शेड के नीचे अवैध रूप से शराब बेचने का काम कर रहा है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी की निशानदेही पर शेड के नीचे रखी तूड़ी में छिपाई गई एक पेटी से 12 बोतल देसी शराब (मार्का क्लब माल्टा) बरामद हुई। आरोपी से शराब रखने संबंधी लाइसेंस एवं परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
बरामद शराब में से एक बोतल को नियमानुसार नमूने के तौर पर अलग कर सील किया गया तथा शेष 11 बोतलों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। आरोपी के खिलाफ थाना सदर पिहोवा में हरियाणा संशोधन आबकारी अधिनियम, 2020 की धारा 61(1)-4-20 एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मामले की आगामी जांच एएसआई मुकेश को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ कर यह भी जांच की जा रही है कि वह अवैध शराब कहां से लाता था तथा इस कारोबार में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
