पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के दिशा-निर्देश में जिला कुरुक्षेत्र को नशामुक्त बनाने एवं युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए कुरुक्षेत्र पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। पुलिस की टीमें जहां एक ओर नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर गांव-गांव पहुंचकर आमजन एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी कर रही हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्त अभियान के तहत आज निरीक्षक कुलबीर कौर के नेतृत्व में नशामुक्त टीम ने गांव राम शरण माजरा, फलसण्डा रांगराण एवं गांव घिसरपड़ी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान विद्यार्थियों, ग्रामीणों, युवाओं एवं महिलाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा उन्हें नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने लोगों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशा करता है या नशे का अवैध कारोबार करता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस टीम ने बताया कि जिला पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। ग्रामीणों ने भी पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने का आग्रह किया तथा नशे के विरुद्ध पुलिस का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
