पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के मार्गदर्शन में आर्थिक अपराध शाखा द्वारा विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। यह मामला दिसंबर 2025 में थाना इस्माईलाबाद में दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 26 जून 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अमीरचंद कॉलोनी, ठसका रोड, इस्माईलाबाद निवासी दर्शन लाल ने शिकायत दी थी कि उसके पुत्र पवन कुमार को कनाडा भेजने का झांसा देकर सुखवंत सिंह, उसकी पत्नी गुरविन्द्र कौर निवासी ढकोली (मोहाली, पंजाब) तथा उनके साथी जयपाल ने वर्ष 2023 से विभिन्न किश्तों में करीब 15.92 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पीड़ित का पासपोर्ट अपने पास रख लिया तथा विदेश भेजने के नाम पर फर्जी एयर टिकट भी उपलब्ध करवाई। निर्धारित तिथि पर पीड़ित के दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने से पहले ही आरोपियों ने तकनीकी खराबी का बहाना बनाकर उसे वापस बुला लिया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने बार-बार विदेश भेजने का झूठा आश्वासन देकर अलग-अलग बैंक खातों एवं ऑनलाइन माध्यम से लाखों रुपये प्राप्त किए। बाद में पंचायत के माध्यम से समझौते का प्रयास भी हुआ, लेकिन आरोपियों ने पूरी राशि वापस नहीं की। आरोपियों द्वारा दिए गए चेक भी बैंक से बाउंस हो गए तथा रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आर्थिक अपराध शाखा द्वारा शिकायत, बैंक स्टेटमेंट, मोबाइल चैट, ऑडियो रिकॉर्डिंग एवं अन्य दस्तावेजों की गहन जांच के बाद थाना इस्माईलाबाद में कार्रवाई करते हुए महिला उपनिरीक्षक नेहा ने 26 जून 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका, धोखाधड़ी में प्रयुक्त दस्तावेजों, बैंक लेन-देन तथा अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में भी गहन जांच जारी है।
