पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के निर्देशानुसार नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई सतविंद्र सिंह , एएसआई सुशील और एएसआई धर्मबीर की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर 204 ग्राम गांजे के साथ तीन आरोपियों को काबू किया है।पुलिस को सूचना मिली थी कि इंद्रा कॉलोनी, थानेसर निवासी शुभम, सुंदरपुर रेलवे पुल के नीचे गांजा बेचने के लिए खड़ा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी और शुभम को रंगे हाथों काबू कर लिया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी और बरामदगी की प्रक्रिया पूरी की गई। आरोपी शुभम से हुई गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों— मनोज कुमार (बिहार) और संजीत कुमार (बिहार) को भी कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान शुभम के पास से 204 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, तीनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में नशा सप्लाई चेन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
