एंटी नारकोटिक सेल की बड़ी कार्रवाई, 11.87 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) के साथ तस्कर गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक सेल की एसआई सुरेन्द्र और एएसआई संजीव पाल, मुख्य सिपाही विक्रम व मुख्य सिपाही मंदीप की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक तस्कर को भारी मात्रा में हैरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चिराग उर्फ नेपाली के रूप में हुई है, जो लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त बताया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला? पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शाहबाद के मारकंडा कॉलोनी में चिराग उर्फ नेपाली ने किराए का मकान लिया हुआ है, जहाँ से वह हैरोइन/चिट्टे की सप्लाई करता है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उप पुलिस अधीक्षक शाहबाद से नियमानुसार अनुमति प्राप्त कर रेडिंग पार्टी का गठन किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मकान की तलाशी ली, जहाँ एलईडी पैनल की दराज में छुपाकर रखी गई 11.87 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
मौके पर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में बरामदगी और कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। आरोपी चिराग उर्फ नेपाली के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-61-85 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी से पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच और नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए माननीय अदालत से आरोपी का 3 दिन का पुलिस रिमांड मांगा है, ताकि उसके सहयोगियों और सप्लायरों तक पहुँचा जा सके।
