करनाल, 26 जून। डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में राजस्व विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व विभाग से जुड़े कार्य सीधे आम जनता के हितों से जुड़े हैं, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निशानदेही, जमाबंदी, इंतकाल, ततीमा कटिंग, टोकन पेंडेंसी और कोर्ट केसों से संबंधित जितने भी मामले लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा के भीतर पूरा करें। उन्होंने कहा कि आमजन को अपने कार्यों के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए सभी अधिकारी पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करें। यदि कोई अधिकारी इस संबंध में लापरवाही बरतता है, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में डीसी ने निर्देश दिए कि कम रिकवरी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दें और इस कार्य में तेजी लाएं। इसके साथ ही जाति सत्यापन के कार्यों को भी समय पर पूरा किया जाए। बैठक में एडीसी डॉ. राहुल रईया, एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा, एसडीएम इंद्री डॉ. रमन गुप्ता, एसडीएम घरौंडा राजेश सोनी, एसडीएम नीलोखेड़ी अशोक कुमार, डीआरओ कनव लाकड़ा सहित तहसीलदार व नायब तहसीलदार मौजूद रहे।
