निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर संजय गांधी मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, धनोरा-लाडवा में आध्यात्मिक मूल्यों, सामाजिक समरसता एवं जनसेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यज्ञ एवं छबील सेवा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पवित्र यज्ञ द्वारा हुआ, जिसमें विद्यालय के प्रधान पवन गर्ग, सचिव रविंद्र बंसल, कोषाध्यक्ष सरदार जितेन्द्र सिंह गिल, आईजीएन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक वर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र शर्मा, अध्यापकों एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव से भाग लिया तथा समाज में शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर आचार्य विक्रमादित्य ने वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया तथा उपस्थित जनसमूह को निर्जला एकादशी के महत्व, आत्मसंयम, ईश्वर भक्ति एवं दान-पुण्य के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
यज्ञ के उपरांत विद्यालय परिसर में छबील का शुभारंभ विद्यालय प्रधान पवन गर्ग एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा किया गया। विद्यालय के स्टाफ सदस्यों ने आगंतुकों, अभिभावकों, कर्मचारियों एवं राहगीरों को शीतल पेय वितरित कर मानवता, करुणा एवं निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधान पवन गर्ग ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी स्टाफ सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों, भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान एवं जनसेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं। यज्ञ जहां वातावरण को शुद्ध करता है वहीं जल शरीर को शांत और शुद्ध करता है। दोनों ही उच्च कोटि के कर्म हैं जिससे समस्त प्रकृति और मानव का भला होता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं समाज में निर्जला एकादशी का विशेष महत्व है। यह एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित है। श्रद्धालु भगवान विष्णु की कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए इस दिन व्रत एवं उपासना करते हैं।
कार्यक्रम का समापन विश्व शांति, समाज की उन्नति एवं मानव कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।
एसजीएमपी स्कूल, लाडवा में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर यज्ञ एवं छबील का आयोजन
