कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.वैद्य करतार सिंह धीमान के तीन वर्षों के कार्यकाल में विश्वविद्यालय ने जिस गति से शिक्षा, चिकित्सा, अनुसंधान और बुनियादी ढांचे में विस्तार किया है, वह विश्वविद्यालय की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण अध्याय बन गया है। कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने कई ऐसी पहलें कीं, जिनसे न केवल विद्यार्थियों और शोधार्थियों को लाभ मिला, बल्कि आमजन के लिए आयुष स्वास्थ्य सेवाएं भी अधिक सुलभ, आधुनिक और प्रभावी बनीं। पारदर्शी प्रशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं के कारण विश्वविद्यालय ने अपनी अलग पहचान बनाई है।
इन तीन वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धि विश्वविद्यालय अस्पताल में एकीकृत आयुष चिकित्सा प्रणाली को सशक्त रूप से स्थापित करना रही। पहली बार आयुर्वेद के साथ होम्योपैथी, यूनानी, सिद्ध एवं प्राकृतिक चिकित्सा की समर्पित ओपीडी शुरू की गईं। इसके अलावा मर्म चिकित्सा, बाल पंचकर्म, फिजियोथेरेपी, नशा मुक्ति केंद्र, गर्भसंस्कार, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र एवं ईएनटी जैसी विशेष ओपीडी शुरू कर मरीजों को एक ही परिसर में व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। अस्पताल में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक पैथोलॉजी लैब, डिजिटल पंजीकरण, एक्स-रे सुविधा और 170 बिस्तरों तक क्षमता विस्तार किया गया। बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के परिणामस्वरूप अस्पताल की ओपीडी वर्ष 2023 के 76 हजार से बढ़कर वर्ष 2025 में 1.15 लाख से अधिक पहुंच गई।
आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी विश्वविद्यालय ने तेजी से विकास किया। स्मार्ट क्लासरूम, ‘योग्या’ स्किल्ड सिमुलेशन लैब, डिजिटल पुस्तकालय, नए कक्षा-कक्ष, बहुउद्देश्यीय हॉल, औषध निर्माण इकाई, सौर ऊर्जा संयंत्र, वर्षा जल संचयन प्रणाली, कैंटीन तथा छात्र सुविधाओं का विस्तार किया गया। साथ ही लगभग 539 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए विश्वविद्यालय परिसर की प्रक्रिया को गति दी गई, जो भविष्य में देश के अत्याधुनिक आयुष शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र के रूप में विकसित होगा।
