कला एवं सांस्कृतिक विभाग की पहल से विश्व संगीत दिवस पर ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में सुरमयी संगीत संध्या का आयोजन
-कलाकारों ने शास्त्रीय, लोक व सूफी संगीत से समां बांधते हुए श्रोताओ किया मंत्रमुग्ध
कुरुक्षेत्र, 22 जून। भाजपा वरिष्ठ नेत्री एवं नगर परिषद थानेसर की पूर्व चेयरपर्सन उमा सुधा ने कहा कि संगीत एक ऐसी सार्वभौमिक भाषा है जिसे समझने के लिए किसी अनुवाद की जरूरत नहीं पड़ती। यह दिलों को जोड़ता है और तनाव मुक्त जीवन का आधार है। कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर ब्रह्मसरोवर के तट पर विश्व संगीत दिवस मनाना अपने आप में गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प में संगीत की अहम भूमिका है। हरियाणा सरकार कलाकारों को मंच देने के लिए लगातार प्रयासरत है।
कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा महानिदेशक केएम पांडुरंग के निर्देश पर विश्व संगीत दिवस के उपलक्ष्य में रविवार देर सायं पावन ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में भव्य संगीत संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद थानेसर की पूर्व चेयरपर्सन उमा सुधा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्य अतिथि उमा सुधा, हरियाणा योग आयोग के सदस्य डॉ. मनीष कुकरेजा, कला एवं सांस्कृतिक अधिकारी डा. दीपिका, सुमन ढांगी, प्रो. सुची स्मिता व अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि उमा सुधा ने कहा कि विश्व संगीत दिवस 21 जून को मनाने का उद्देश्य आम लोगों को संगीत के प्रति जागरूक करना है। कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा का प्रयास है कि हरियाणा की समृद्ध लोक संगीत विरासत को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मंच मिले। कलाकार समाज का दर्पण होते हैं और इन्हें सम्मान देना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने विभाग के इस आयोजन की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से नई पीढ़ी अपनी संस्कृति से जुड़ती है।
मुख्य अतिथि उमा सुधा ने सभी प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया। इनमें पंडित सुभाष चंद्र घोष, प्रो भूपेंद्र मल्होत्रा, नुकुल मल्होत्रा, मानव जुनेजा, वासुदेव, सिद्धार्थ, सुरेश, दर्शन, योगेश, हरीश शामिल रहे। इसके अलावा नगाड़ा पार्टी के सुरेंद्र सिंह, रणबीर, रोशन, विजय पाल, शमशेर सिंह, सोनू, बृजेश, अजीत, मनोज कुमार, पवन को भी सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मसरोवर के तट पर विशेष लाइटिंग और साउंड की व्यवस्था की गई थी। बाग में बने मंच और सरोवर में चल रही लाइट एंड साउंड शो की पृष्ठभूमि ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया। विश्व संगीत दिवस पर हुए इस आयोजन से यहां पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस मौके पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डा. नरेंद्र सिंह, संगीतज्ञ पंकज, धर्मवीर सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
