– 18 राज्यों में सक्रिय संगठन का विस्तार अभियान, हर वर्ग के लोगों को जोड़ने पर फोकस
बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (पंजीकृत) ने रविवार को राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान की शुरुआत की। अभियान का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के पूर्व डीजीपी पृथ्वी राज ने किया, जबकि चंडीगढ़ से समाजसेवी डॉ. सतीश गर्ग विशेष रूप से शामिल रहे। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश बहादुर ने कहा कि संगठन वर्तमान में देश के 18 राज्यों में सक्रिय है और इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें हर धर्म, जाति और वर्ग के लोगों को समान रूप से स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी एक वर्ग का संगठन नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का मंच है जो बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा और भारतीय संविधान के मूल्यों में विश्वास रखते हैं। हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष रीना गावस्कर वाल्मीकि ने बताया कि सदस्यता अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठन को गांव, कस्बे और शहर स्तर तक मजबूत करना तथा सामाजिक न्याय, समानता और संविधानिक मूल्यों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव अमरीक सिंह बंगड़ ने कहा कि बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों तथा सदस्यता अभियान की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि अंबाला से शुरू हुआ यह अभियान चरणबद्ध तरीके से देश के विभिन्न राज्यों तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर पंजाब प्रधान निर्मलजीत सिंह, दिल्ली जिला संयोजक रवि शंकर, भगत राज, निर्मल चौहान और लवली बग्गन ने भी अपने विचार रखे अाैर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। महासभा पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि सदस्यता अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और संविधान समर्थक नागरिक संगठन से जुड़ेंगे, जिससे सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी को नई मजबूती मिलेगी।
