पंचकूला। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मैदान 2.0 के तहत नशा तस्करों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की विभिन्न क्राइम यूनिटों ने एक ही दिन में अलग-अलग मामलों में चार तस्करों को गिरफ्तार किया और उनसे नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।
पहले मामले में पंजाब के फाजिल्का के रहने वाले अहुजा को जीरकपुर-शिमला हाईवे के समीप कालका क्षेत्र में टीपरा के पास पकड़ा गया। उसके पास से 120 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इस आरोपित के खिलाफ थाना कालका में मामला दर्ज कर उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक्स सेल ने 305 ग्राम हेरोइन तस्करी के मामले में तरनतारन निवासी हरपिंदर सिंह को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि पहले से गिरफ्तार आरोपित यह खेप हरपिंदर से लाता था। हरपिंदर को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

तीसरे मामले में थाना सेक्टर-20 के तहत डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज तजिन्द्र पाल सिंह की अगुवाई में टीम ने सेक्टर-21 पंचकूला स्थित छठ पूजा घाट के पास सुरेन्द्र सिंह को 328 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया।

चौथे मामले में, एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में चंडीगढ़ के मनीमाजरा निवासी गौतम को सेक्टर-24 पंचकूला के निकट एक पार्क से गिरफ्तार किया। उसके पास से 24 ग्राम कोकीन बरामद हुई।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि सभी आरोपितों को अदालत से पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है ताकि नशा तस्करी की पूरी कड़ी को जोड़ा जा सके और मुख्य सप्लायरों तक पहुंचा जा सके।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *