पानीपत। शहर में करीब 9–10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप उसके सगे फूफा पर लगा है। गुरुवार रात लगभग 9 बजे बच्ची अर्धबेहोशी की हालत में सड़क किनारे मिली।
राहगीरों को अंकल-अंकल कहकर आवाज लगा रही थी। जिसके बाद बाइक सवार दो युवक रुके और उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस, बाल कल्याण समिति और काउंसलिंग टीम अस्पताल पहुंच गई।
काउंसलिंग के दौरान बच्ची ने बताया कि बचपन में मां की मृत्यु के बाद पिता ने दूसरा निकाह कर लिया था और वह कभी-कभार आकर मजदूरी करती है। उसके अनुसार, गुरुवार रात में उसका बड़ा फूफा उसे बहला-फुसलाकर खेतों के सुनसान रास्ते से ले गया।
बच्ची का आरोप है कि रास्ते में उसे पांच नशीली गोलियां खिलाई गईं, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसने खुद को सड़क किनारे पाया। बच्ची ने आरोप लगाया कि बेसुध हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में उसे लावारिस हालत में छोड़ दिया गया।
बच्ची का आरोप है कि बड़ा फूफा पहले भी उसके साथ कई बार दुष्कर्म कर चुका है, जबकि छोटे फूफा पर उसे अश्लील वीडियो दिखाने के आरोप लगे हैं। पुलिस अभी युवती के माता -पिता के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
नारी तू नारायणी उत्थान समिति अध्यक्ष सविता आर्या ने बताया कि वो बच्ची से मिलने के लिए सिविल अस्पताल गई थी। बच्ची ने मुझे बताया है कि सगे फूफा ने मेरे साथ दुष्कर्म किया है। फिलहाल बच्ची होश में है, लेकिन उसे आईसीयू में रखा गया है। पुलिस बच्ची के माता-पिता से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
