करनाल, 12 जून। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आज लघु सचिवालय के सभागार में शिक्षा विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपायुक्त ने जिले में शिक्षा के स्तर को सुधारने, पर्यावरण संरक्षण और ढांचागत विकास को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला व ब्लॉक स्तर पर एनईपी सेल बनाए जाएं, ताकि शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी और क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि जिन प्राथमिक स्कूलों में बिजली की समस्या हैं, वहां सोलर पैनल लगवाए जाएंगे। इससे संबंधित रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि मानसून सीजन को देखते हुए जिन सरकारी स्कूलों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बने हुए हैं, उन्हें तुरंत प्रभाव से चालू किया जाए। इसके साथ ही, जिन स्कूलों में यह सिस्टम बंद हैं या जाम पड़े हैं, उनकी सफाई करवाई जाए।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि शिक्षकों की मानसिक स्वास्थ्य और डी-एडिक्शन से संबंधित विशेष ट्रेनिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी परिस्थिति में त्वरित और सही कदम उठाए जा सकें। बैठक में सीएमजीजीए श्रुति मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
