करनाल, 12 जून। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि सीएम विंडो में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित समाधान करें, शिकायतों को लंबित न रखें, समय रहते समस्या का हल निकालें और लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर ना कटवाएं। सुशासन के प्रति आम जनता का विश्वास मजबूत करें।
उपायुक्त शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता के दौरान अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। इससे पहले हरियाणा सरकार के शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा ने वीसी के माध्यम से सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के लिए सभी जिला उपायुक्तों के साथ बैठक की।
वीसी के बाद उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करना सुनिश्चित करें। इन शिकायतों को श्रेणी अनुसार रखें। उन्होंने निर्देश दिए कि सबसे पुरानी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करें और हल हो चुकी शिकायतों की जानकारी शिकायतकर्ता को अवश्य दें। मुख्यालय को ट्रांसफर की जाने वाली शिकायतों का फॉलोअप जरूर लें।
उन्होंने कहा कि सीएम विंडो में प्राप्त होने वाली शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना बरतें। बैठक में एडीसी डॉ. राहुल रईया, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार, एसडीएम देवेंद्र शर्मा, एसीयूटी सोहम शैलेंद्र, डीएसपी राजीव सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
