कुरुक्षेत्र, 12 जून। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की जागरूकता को लेकर 15 जून को ब्रह्मसरोवर पर योग मैराथन आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों को योग के महत्व और उसके सकारात्मक प्रभावों से अवगत कराना है, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें। मैराथन सुबह 6 बजे प्रारंभ होगी, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं एवं खिलाड़ी भाग लेंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करते हुए सफल आयोजन करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग सुनिश्चित करें कि आयोजन की तैयारियां समय से पहले कर ली जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन सफलतापूर्वक एवं व्यवस्थित ढंग से किया जा सके।
उन्होंने आयोजन स्थल की साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, ट्रैफिक प्रबंधन, एंबुलेंस व मेडिकल स्टाफ की तैनाती सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिभागियों के लिए सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, जलपान एवं मार्ग-निर्देशन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रतिभागियों को पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी समय पर प्रदान की जाए तथा उनकी प्रोफाइल पूरी कराने में हर संभव सहयोग किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तर पर भी अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित किए जाएं, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के सभी इच्छुक नागरिक इस आयोजन में भाग ले सकें। योग मैराथन और योगासन न केवल स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का सशक्त माध्यम है, बल्कि यह कुरुक्षेत्र को एक स्वास्थ्य-सचेत, अनुशासित और जागरूक समाज की दिशा में प्रेरित करने वाला एक महत्वपूर्ण प्रयास भी है।
