कुरुक्षेत्र, 5 जून। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में जिला कुरुक्षेत्र के उप-स्वास्थ्य केंद्र थाना को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में अपग्रेड करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नवस्वीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में विभिन्न श्रेणियों के कुल 9 नियमित पद तथा 3 श्रेणी-घ के पद अनुबंध आधार पर सृजित किए गए हैं। इनमें एक मेडिकल ऑफिसर, एक महिला मेडिकल ऑफिसर, एक डेंटल सर्जन, एक फार्मासिस्ट, दो स्टाफ नर्स, एक लैब तकनीशियन, एक एमपीएचएस (पुरुष) तथा एक एमपीएचएस (महिला) का पद शामिल है। इसके अतिरिक्त तीन श्रेणी-घ कर्मचारियों की नियुक्ति हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के माध्यम से की जाएगी।
आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उप-स्वास्थ्य केंद्र थाना के उन्नयन से क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को लाभ पहुंचेगा तथा सामान्य स्वास्थ्य जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, दंत चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कदम क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को नई मजबूती प्रदान करेगा।
