कुरुक्षेत्र, 05 जून। जिला सिविल सर्जन डा. सुखबीर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हरियाणा के अंतर्गत जिला  30 जून 2026 तक एनीमिया उन्मूलन माह मनाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं में एनीमिया की रोकथाम, जांच एवं उपचार को सुदृढ़ करना है।
सिविल सर्जन डा. सुखबीर सिंह ने आज यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि एनीमिया एक गंभीर जन स्वास्थ्य समस्या है, जो बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा महिलाओं के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है। अभियान के दौरान जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों पर एनीमिया की जांच, आयरन-फोलिक एसिड  वितरण, पोषण संबंधी परामर्श तथा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत 6 माह से 59 माह तक के बच्चों, 5 से 9 वर्ष के बच्चों, 10 से 19 वर्ष के किशोर-किशोरियों, 20 से 49 वर्ष की महिलाओं, गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को विशेष रूप से लाभान्वित किया जाएगा। एनीमिया मुक्त हरियाणा की 6 गुणा 6 गुणा 6 रणनीति के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों की पहचान, जांच, उपचार एवं फॉलो-अप सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे अपने निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र अथवा आंगनवाड़ी केन्द्र पर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं तथा आयरन युक्त संतुलित आहार अपनाकर एनीमिया मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *