करनाल, 5 जून।  जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉक्टर सतपाल ने बताया कि 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला के सभी ब्लॉकों में विभिन्न योग कार्यक्रम और शिविर बड़े स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को पॉलिटेक्निक नीलोखेड़ी, बालभवन, जिला कारागार, 90 गांवों की 34 व्यायामशालाओं तथा 56 आयुष केंद्रों में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण अभियान चलाया गया।
आयुष विभाग करनाल के योग विशेषज्ञ तथा हरियाणा योग आयोग के नोडल अधिकारी डॉ. अमित पुंज ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आज राजकीय पॉलिटेक्निक नीलोखेड़ी के कन्या छात्रावास में स्टाफ व छात्राओं को अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अधीक्षक अनु देवी ने सभी छात्राओं को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित किया। यह प्रशिक्षण आयुष विभाग करनाल की योग सहायक शीतल देवी व सुषमा शर्मा द्वारा दिया गया।
उन्होंने बताया कि बाल भवन करनाल में बच्चों के लिए 1 जून से 21 जून तक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिला बाल कल्याण अधिकारी मंजू चौधरी की देखरेख में चल रहे इस शिविर में आयुष विभाग की योग इंस्ट्रक्टर कुमारी गुंजन द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आज शिविर में कुल 155 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 40 लडक़े और 115 लड़कियां शामिल रहीं।
उन्होंने बताया कि जिला कारागार करनाल में बंदियों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए 1 जून से 21 जून 2026 तक विशेष योग शिविर चलाया जा रहा है। यह शिविर जेल अधीक्षक लखबीर सिंह बराड़ के मार्गदर्शन तथा डीएसपी सुरेंद्र, डीएसपी धर्मचंद नैन एवं डीएसपी नीलम की देखरेख में आयोजित हो रहा है। आज डॉ. अमित पुंज की देखरेख में योग इंस्ट्रक्टर मुन्ना कुमार तथा कांता द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें 485 बंदियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।
उन्होंने बताया कि आयुष विभाग करनाल में कार्यरत 34 आयुष योग सहायकों तथा 22 योग इंस्ट्रक्टर्स (कुल 56 आयुष योग प्रशिक्षकों) द्वारा ग्रामीण स्तर पर कमान संभाली गई है। इनके द्वारा जिले के 90 गांवों की योग व्यायामशालाओं तथा राजकीय आयुर्वेदिक औषधालयों में निरंतर अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अंचल में भारी उत्साह है।
डॉ. अमित पुंज ने बताया कि आयुष विभाग के ग्रामीण केंद्रों के साथ-साथ जिले की विभिन्न सक्रिय योग संस्थाओं के सहयोग से अब कुल 272 स्थानों (182 संस्थागत + 90 आयुष योग व्यायामशालाएं  तथा आयुष केंद्र) पर प्रतिदिन योग प्रोटोकॉल कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि संस्थागत स्तर पर मुख्य रूप से चल रही कक्षाओं में पतंजलि योग समिति की 150 कक्षाएं, मेरा मिशन स्वस्थ भारत की 20 कक्षाएं, भारतीय योग संस्थान की आठ कक्षाएं, करण योग संस्थान की एक कक्षा,
हमारा मिशन स्वस्थ भारत की एक कक्षा, हार्टफुलनेस संस्थान की एक कक्षा, दिव्य योग मंदिर की एक कक्षा, आयुष योग व्यायामशालाएं की 34 कक्षाएं तथा आयुष केंद्र की 56 कक्षाएं शामिल हैं। इन सभी 272 केंद्रों के माध्यम से जिले में प्रतिदिन 7,000 से अधिक योग साधक नियमित रूप से योग अभ्यास से स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
ब्लॉक इंचार्ज डॉ. नितिन रोहिला ने आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 6 जून को जिला कारागार करनाल में विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का अगला चरण आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में आयुष विभाग के योग सहायक तथा इंस्ट्रक्टर कैदियों को आगे का प्रशिक्षण देंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *