कुरुक्षेत्र 5 जून। हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक लोक कलाओं को जीवंत रखने के उद्देश्य से कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा द्वारा कला कीर्ति भवन, कुरुक्षेत्र में दिनांक 5 जून से 7 जून तक तीन दिवसीय सांझी कार्यशाला का शुभारंभ हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी ने किया। कार्यशाला शुभारम्भ पर कार्यशाला की मुख्य प्रशिक्षक और विख्यात लोक कलाकार मीनाक्षी ने मुख्य अतिथि महेश जोशी को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और कार्यशाला की रूपरेखा से अवगत कराया। प्रतिभागियों को सम्बोंधित करते हुए महेश जोशी ने लोक कलाओं के संरक्षण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सांझी हरियाणा की मिट्टी से जुड़ी एक बेहद अनूठी और पावन कला है, जो हमारी ग्रामीण संस्कृति और लोक चेतना को दर्शाती है। आधुनिकता के दौर में इस तरह की पारंपरिक कलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डा. अमित कुमार अग्रवाल तथा महानिदेशक के.एम. पाण्डुरंग के दिशा-निर्देश में आयोजित कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल हमारी कलाएं जीवित रहेंगी, बल्कि महिलाओं में हुनर और आत्मनिर्भरता का विकास भी होगा। वहीं कार्यशाला प्रशिक्षक मीनाक्षी ने बताया कि सांझी कला केवल एक कलाकृति नहीं, बल्कि हमारी लोक आस्था और त्योहारों से जुड़ा एक जीवंत माध्यम है, जिसे सहेजना हम सभी का दायित्व है। इस तीन दिवसीय कार्यशाला में कुरुक्षेत्र और उसके आसपास के क्षेत्रों की लगभग 15 छात्राओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है। कार्यशाला के दौरान इन प्रतिभागियों को हरियाणा की पारंपरिक लोक कला सांझी बनाने के बारीक गुर सिखाए जाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान मिट्टी की तैयारी, आकृतियों को उकेरना, पारंपरिक रंगों का चयन और सांझी के गीतों के सांस्कृतिक महत्व के बारे में विस्तार से व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस शिविर में महिलाएं रविवार को कार्यशाला के समापन पर अपनी रचनात्मकता को दीवारों पर उतारेंगी। उद्घाटन अवसर पर कार्यशाला सहायक मुस्कान, कला परिषद के कार्यालय प्रभारी धर्मपाल, ललित कला समन्वयक सीमा काम्बोज, विकास शर्मा, सुरेखा मखीजा, वेदिता, सोनिया शर्मा, जयवंती भारद्वाज, सुदेश कुमारी आदि उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *