असन्ध/करनाल, 30 मई।   विधायक योगेन्द्र राणा ने स्वच्छ शहर-स्वस्थ लोग अभियान के अंतर्गत शनिवार को अधिकारियों, नपा कर्मचारियों, पार्षदों, पार्टी कार्यकर्ताओं व समाज सेवियों के साथ मिलकर असंध शहर के मुख्य बाजारों, गलियों, नालियों, जींद चौंक व सडक़ों पर सफाई अभियान चलाकर आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी बनती है। सफाई अभियान में स्वच्छता का संदेश देते हुए विभिन्न बैनरों के माध्यम से भी आम नागरिकों को जागरूक किया गया।

विधायक ने इस अवसर पर शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए इसे जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों की सोच और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या अभियान का विषय नहीं, बल्कि यह हमारी रोजमर्रा की आदत और जिम्मेदारी होनी चाहिए। जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझेगा, तभी असंध शहर वास्तव में स्वच्छ और सुंदर बन सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का विजन है देश व प्रदेश को स्वच्छ बनाना।यदि हम अपने आसपास की जगह को स्वच्छ रखेंगे तो हमारा स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा। स्वच्छता के दृष्टिगत इस तरह के आयोजन हमें समय-समय पर करते रहने चाहिए।

उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हम जहां भी रहे, जिस गली में रहे,जिस मोहल्ले में, जिस वार्ड में, जिस गांव में रहे, वहां अपने आसपास साफ सफाई जरूर रखें। विधायक ने सभी से अपील की कि स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। विधायक ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास सफाई रखें और कूड़ा निर्धारित किये गए डस्टबिन में ही डालें।

इस मौके पर पूर्व रिटायर्ड आई ए एस बी एस मलिक ने भी शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि वे अपने आसपास साफ -सफाई का विशेष ध्यान रखें, कचरे का सही निस्तारण करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर का सपना तभी साकार होगा, जब हर नागरिक इसमें अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर नगर पालिका चेयरपर्सन सुनीता अरडाना, असंध मार्केट कमेटी चेयरमैन प्रवीण राणा, चिडाव ब्लॉक समिति चेयरमैन सतीश दादूपुर, नायब तहसीलदार राधेश्याम चावला, नपा सचिव प्रदीप जैन, वाईस चेयरमैन रामअवतार जिंदल, असंध मंडल अध्यक्ष हिमांशु छाबड़ा, जुंडला मंडल अध्यक्ष राहुल कुमार, अमित राणा, बलकार सिंह, पूर्व चेयरमैन दीपक छाबड़ा, भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ता डॉ बूटी राम, ब्रिज टक्कर, जीवन चानन कॉलेज के संचालक रमेश बतरा, समाजसेवी संदीप लाठर, असंध मंडल महामंत्री विनय राणा, अजय मास्टर, गांव कतलाहेड़ी सरपंच सुनील, गांव बुढऩपुर वीरान सरपंच सतीश, बाबा सूबे सिंह, सहित असंध नपा के सभी पार्षदगण, अधिकारी व सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *