कुरुक्षेत्र, 28 मई। माई भारत कुरुक्षेत्र द्वारा आईटीआई उमरी कुरुक्षेत्र में स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर जयंती कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह एवं देशभक्ति भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वीर सावरकर के जीवन, संघर्ष एवं राष्ट्रभक्ति से प्रेरित विचारों से अवगत करवाया गया।
इस अवसर पर लेखन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्राओं ने स्वातंत्र्यवीर सावरकर के जीवन एवं उनके विचारों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में सोनिया रानी ने प्रथम, प्रतिभा ने द्वितीय तथा पायल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में कई विद्यार्थियों ने वीर सावरकर की जीवनी एवं उनके आदर्शों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा युवाओं को राष्ट्रहित एवं समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में आईटीआई उमरी के अध्यापकगण स्नेह लता, कपिल व जितेश का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में माई भारत कुरुक्षेत्र के युवा स्वयंसेवक कर्ण गाबा, अमनदीप, विदुर शर्मा व अनमोल बुद्धिराजा की विशेष भूमिका रही। अंत में सभी उपस्थित विद्यार्थियों एवं अध्यापकों का धन्यवाद किया गया तथा राष्ट्रभक्ति एवं युवा जागरूकता का संदेश दिया गया।
