कुरुक्षेत्र, 28 मई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत वर्ष 2002 की मतदाता सूची के साथ मतदाताओं की मैपिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अब तक जिले में कुल 7 लाख 83 हजार 958 मतदाताओं में से 5 लाख 46 हजार 579 मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है, जोकि लगभग 69.72 प्रतिशत बनता है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में मतदाता सूची को मजबूत करने तथा फर्जी या दोहरे वोटों को हटाने के उद्देश्य से डिजिटल और भौगोलिक मैपिंग का कार्य किया जा रहा है। जिले में बूथों की संख्या 810 है और बूथों की संख्या के बराबर ही बीएलओ द्वारा यह कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र में कुल 1 लाख 97 हजार 911 मतदाताओं में से 1 लाख 54 हजार 621 मतदाताओं यानी 78.13 प्रतिशत की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में कुल 1 लाख 72 हजार 961 मतदाताओं में से 1 लाख 33 हजार 797 मतदाताओं यानी 77.36 की मैपिंग की जा चुकी है। इसी प्रकार थानेसर विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 23 हजार 982 मतदाताओं में से 1 लाख 15 हजार 939 मतदाताओं यानी 51.76 प्रतिशत की मैपिंग हो चुकी है। वहीं पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में कुल 1 लाख 89 हजार 104 मतदाताओं में से 1 लाख 42 हजार 222 मतदाताओं यानी 75.21 प्रतिशत की मैपिंग पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत बिना मैपिंग वाले मतदाताओं की पहचान कर उन्हें संबंधित मतदान केंद्रों से जोड़ा जा रहा है, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत घर-घर जाकर सत्यापन कार्य भी निर्धारित समयावधि में किया जाएगा। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 15 जून से 14 जुलाई तक  घर-घर जाकर नए पात्र मतदाताओं, स्थानांतरित मतदाताओं तथा मृत मतदाताओं से संबंधित विवरण का सत्यापन करेंगे। इसके आधार पर प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि त्रुटिरहित एवं पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। जब बीएलओ घर-घर सत्यापन के लिए पहुंचें तो उन्हें सही जानकारी उपलब्ध करवाएं। नागरिक अपने नाम की जांच ऑनलाइन वोटर सर्विस पोर्टल के माध्यम से भी कर सकते हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *