कुरुक्षेत्र, 27 मई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) ने ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) तथा ऑनलाइन मोड के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों के लिए 103 उच्च गुणवत्ता वाली अध्ययन सामग्री पुस्तकों का सफलतापूर्वक विकास एवं प्रकाशन कर एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के अनुभवी शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयार की गई ये पुस्तकें सेल्फ लर्निंग मैटेरियल (एसएलएम) के रूप में विकसित की गई हैं, जो यूजीसी-डीईबी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हैं। इन पुस्तकों में शैक्षणिक गुणवत्ता, विषय की स्पष्टता तथा विद्यार्थी-अनुकूल शिक्षण पद्धति का विशेष ध्यान रखा गया है।
सीडीओई की निदेशिका प्रो. मंजूला चौधरी ने बताया कि सीडीओई द्वारा तैयार की गई अध्ययन सामग्री में मानविकी, सामाजिक विज्ञान, शिक्षा, वाणिज्य, कंप्यूटर एप्लीकेशन सहित कई उभरते बहु-विषयक क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीनतम एवं गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है, ताकि दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सहायता मिल सके। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी और भविष्य में केंद्र के सभी कार्यक्रमों के लिए आधुनिक एवं समकालीन अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। प्रो. मंजूला चौधरी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि 103 व्यापक अध्ययन सामग्री पुस्तकों का प्रकाशन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ये सामग्री हजारों विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी तथा उन्हें स्व-अध्ययन के माध्यम से बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन प्राप्त होगा। साथ ही, यह पहल विश्वविद्यालय की शिक्षण प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने में सहायक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *