कुरुक्षेत्र, 27 मई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) के विद्यार्थियों ने एक बार फिर प्लेसमेंट के क्षेत्र में सफलता हासिल की है। संस्थान के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने जानकारी देते हुए बताया कि जय भारत मारूति लिमिटेड द्वारा आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में यूआईईटी के 17 विद्यार्थियों का चयन किया गया है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यूआईईटी के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं व्यावहारिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिससे उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने कहा कि कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के कुशल नेतृत्व में यूआईईटी प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को जमीनी स्तर पर लागू किए जाने के बाद विद्यार्थियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक शिक्षा का सीधा लाभ मिल रहा है।उन्होंने बताया कि चयनित विद्यार्थियों में मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के आजाद नैन, मनु सैनी, मयंक शर्मा, मोहित गोद, रोहित कुमार, साहिल कुमार, विवेक जांगड़ा तथा कुसुम पालीवाल सहित नौ विद्यार्थियों को गुजरात के सानंद स्थित जेबीएम ऑटो लिमिटेड में नियुक्ति दी गई है। वहीं उदय सैनी, सौरव, निखिल, दीपांशु और आदित्य सहित पांच विद्यार्थियों का चयन बावल स्थित जेएम सिलेंडर प्लांट के लिए हुआ है। इसके अतिरिक्त फरीदाबाद स्थित जेबीएम ऑटो लिमिटेड में मयंक मुकुल तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के हर्ष कुमार साहू का चयन किया गया है।
कंपनी के एचआर प्रमुख प्रतीक उपाध्याय ने ईमेल के माध्यम से चयन की पुष्टि करते हुए बताया कि गत वर्ष भी कंपनी ने यूआईईटी के 16 विद्यार्थियों का चयन किया था। संस्थान के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारियों डॉ. सुनील ढींगरा और डॉ. निखिल कुमार मारीवाला ने बताया कि चयनित सभी विद्यार्थी अपनी डिग्री पूर्ण होने तक ग्रेजुएट ट्रेनी इंजीनियर के रूप में कार्य करेंगे। डिग्री पूर्ण होने के बाद उन्हें उनकी योग्यता के अनुसार पद प्रदान किए जाएंगे।
कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल ने इस उपलब्धि पर संस्थान, विद्यार्थियों और अभिभावकों को बधाई दी। इस अवसर पर डॉ. राजेश अग्निहोत्री, डॉ. पवन दीवान, डॉ. राम अवतार, अधीक्षक दीपक शर्मा, रविंद्र तोमर, हरिकेश पपोसा एवं विशाल सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *