करनाल 26 मई, नगर निगम करनाल के प्रवर्तन दल ने मंगलवार को शिव कॉलोनी क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही पशु डेयरी के विरूद्घ कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। डेयरी संचालक को बार-बार नोटिस देने के बावजूद भी यह पिंगली डेयरी कॉम्पलैक्स में न तो डेयरी निर्माण शुरू कर रहे थे और न ही बकाया किस्त का भुगतान किया जा रहा था, जिसके कारण कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त दलजीत सिंह ने बताया कि सीलिंग कार्रवाई के दौरान डेयरी से 5 पशुओं को निगम टीम ने अपने कब्जे में भी लिया और 35000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इनमें 2 बड़े तथा 3 छोटे पशु शामिल हैं। यह कार्रवाई नगर निगम अधिनियम 1994 की धारा 333 के तहत की गई है। पशुपालन विभाग की टीम द्वारा जब्त किए गए पशुओं को मौके पर ही टैग भी लगाए गए, जिसके बाद उन्हें नगर निगम की फूसगढ़ स्थित गौशाला में भेज दिया गया।
इसके पश्चात प्रवर्तन दल शिव कॉलोनी के रजवाहा रोड पर गली नम्बर 7 स्थित एक पशु डेयरी को सील करने पहुंचा, तो मौके पर कोई पशु नहीं मिला। डेयरी संचालक ने बताया कि उसने निगम क्षेत्र से बाहर अपनी डेयरी को स्थानांतरित कर लिया है, जिसकी पुष्टिï स्थानीय निवासियों ने भी की। परंतु प्रवर्तन दल ने डेयरी संचालक से लिखित में भी लिया कि वह दोबारा यहां पर पशुओं को नहीं लाएगा। इस दौरान उसी गली में एक घर के अंदर दो-तीन पशु बंधे हुए मिले, जिसके चलते सम्बंधित मकान मालिक को भी जल्द से जल्द पशुओं को निगम क्षेत्र से बाहर रखने बारे कहा गया।
संयुक्त आयुक्त ने स्पष्टï किया कि नगर निगम करनाल सीमा में किसी भी डेयरी को चलने नहीं दिया जाएगा। इससे उचित यही होगा कि डेयरी संचालक शहर में चल रही अपनी डेयरियों को जल्द से जल्द पिंगली डेयरी कॉम्पलैक्स में स्थानांतरित कर लें। उन्होंने बताया कि नगर निगम करनाल द्वारा अवैध डेयरियों को सील करने व पशु जब्त करने की कार्रवाई नियमित रूप से करता रहेगा।
आज की कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं उप निगम आयुक्त विनोद नेहरा के नेतृत्व में की गई। टीम में अधीक्षक मनोज मान, सहायक प्रदीप शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा, सफाई निरीक्षक मनदीप सिंह, सहायक सफाई निरीक्षक प्रवेश कुमार, पशुपालन विभाग से वेटरनरी सर्जन तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
