चंडीगढ़। हरियाणा में युवाओं को उद्योगों से जोड़ने के लिए अब जिला स्तर पर रोजगार मेलों की संख्या बढ़ाई जाएगी। तकनीकी शिक्षा, उच्च शिक्षा, औद्योगिक प्रशिक्षण एवं रोजगार विभागों के माध्यम से युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक परियोजना का कार्य समय पर पूर्ण होना चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि फरीदाबाद सिविल अस्पताल में बनने वाले ‘मदर एंड चाइल्ड हास्पिटल’ एवं सर्विस ब्लाक का कार्य 28 प्रतिशत पूरा हो चुका है। यह परियोजना 18 जनवरी तक पूर्ण हो जाएगी।
सोनीपत सिविल अस्पताल परिसर में 138 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 100 बिस्तरों वाले मदर एंड चाइल्ड हास्पिटल का 20 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। यह परियोजना 19 अक्टूबर 2027 तक पूर्ण कर ली जाएगी। करनाल में 76 करोड़ रुपये में निर्माणाधीन 100 बिस्तरों वाले अस्पताल का 25 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।
फरीदाबाद में इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर का 50 प्रतिशत कार्य पूरा
फरीदाबाद के सेक्टर-78 में 379 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर का 50 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो चुका है। यह परियोजना फरवरी 2027 तक पूर्ण होने का अनुमान है।
इसी तरह करनाल में 423 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय परिसर का निर्माण कार्य 43 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। वहीं, पानीपत चीनी मिल में 200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 90 केएलपीडी क्षमता का नया मल्टी-फीड इथेनाल प्लांट स्थापित करने को मंजूरी मिल गई है।
इसकी निविदा प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए मामला हाई-पावर्ड परचेज कमेटी के समक्ष भेजा जा रहा है। यह परियोजना वर्ष 2027-28 के दौरान पूर्ण हो जाएगी।
जींद में बनेगा फायर ट्रेनिंग सेंटर
अग्निशमन सेवा को आधुनिक बनाने के लिए जींद के खेड़ी मसानिया में 100 करोड़ रुपये में बनने वाले फायर ट्रेनिंग सेंटर के लिए भूमि की रजिस्ट्री कराई जा चुकी है। ड्राइंग-डिजाइन तैयार करने के लिए दो करोड़ रुपये की लोकनिर्माण विभाग को हस्तांतरित कर दी गई है। आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 120 करोड़ रुपये की लागत से 104 मीटर ऊंचे एरियल लैडर प्लेटफार्म की खरीद की जाएगी।
