करनाल, 26 मई। जिला सचिवालय सभागार में आज पंचायती राज संस्थाओं के अधिकारियों के साथ एक बैठक उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें लाइब्रेरी, तालाब, विलेज प्रोफाइल, बजट आदि विषयों को लेकर चर्चा की गई। इसके अलावा इंद्री में निर्माणाधीन तरणताल (स्विमिंग पूल) को जून अंत तक पूरा करने के निर्देश कार्यकारी अभियंता को दिए गए।
बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला की 395 ग्राम पंचायतों में से कितनी में लाइब्रेरी सुविधा है, कितने ऐसे गांव हैं जहां भवन तो है पर पंचायत लाइब्रेरी खोलने के लिए सहमत नहीं है, कहां-कहां भवन नहीं है, कितनी पंचायतों में लाइब्रेरी बनाने के लिए जमीन उपलब्ध नहीं है, इस बारे में सटीक आंकड़े कल तक हर हाल में उपलब्ध कराए जाएं ताकि हर गांव में लाइब्रेरी खोलने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उचित कदम उठाए जा सकें। उन्होंने विलेज प्रोफाइल व बजट (वेतन घटक के साथ) संबंधी विवरण तैयार कर एक जून तक पेश करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने तालाबों की खुदाई व उनमें साफ पानी भरने संबंधी प्रगति का जायजा लिया। साथ ही निर्देश दिए कि यह कार्य अगले महीने के प्रथम पखवाड़े तक पूरा किया जाए। उन्होंने पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि इंद्री में निर्माणाधीन स्विमिंग पूल जून अंत तक चालू होना चाहिए। एक्सईएन ने बताया कि इस पर अब तक 5.50 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। करीब 36 लाख का काम बकाया है। इस पर उपायुक्त ने कहा कि धनराशि उपलब्ध करा दी जाएगी पर काम समय पर पूरा होना चाहिए।
डॉ. आनंद कुमार ने बीडीपीओ को निर्देश दिए कि गांवों में वंचित समाज से जुड़ी ऐसी चौपालों को चिह्नित किया जाए जिन की मरम्मत पर दो-चार लाख रुपये खर्च होने हैं। इस बारे में दस जून तक उन्हें सूची उपलब्ध कराएं। उपायुक्त ने बताया कि केंद्रीय ऊर्जा, आवासन और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने निर्देश दिए है कि डी प्लान के तहत दस करोड़ की राशि वंचित समाज की चौपालों की मरम्मत व पुस्तकालयों पर खर्च की जाए। उन्होंने नीलोखेड़ी के गांव कमालपुर में सीमांकन कार्य 15 दिन के अंदर कराने के निर्देश दिए ताकि अवैध कब्जों की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके। उन्होंने सुभरी गांव में अवैध कब्जे हटवाने के लिए उचित कार्रवाई के निर्देश बीडीपीओ को दिए।
बैठक में जिला परिषद की डिप्टी सीईओ रोजी, डीडीपीओ कंचनलता, बीडीपीओ सोमवीर खटकड़, मोनिका, गुरमालक, सार्थक, उमेद सिंह, पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता नारायण दत्त, एसडीई जय भगवान भारद्वाज, शुभम गर्ग, रोहित, दीपक गर्ग व कनिष्ठ अभियंता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *