जिला पुलिस ने लाडवा में व्यापारी के घर पर गोली चलाने के मामले में 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन के कुशल मार्ग-दर्शन में अपराध अन्वेषण शाखा-1 की टीम ने लाडवा में व्यापारी के घर पर गोली चलाने के मामले में घनश्याम तिवारी, दीपक तिवारी व महिला वासीयान गांधीनगर यमुनानगर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दिनांक 15/16 अप्रैल 2026 की रात्रि को पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि लाडवा में एक मकान के गेट के पास अज्ञात हमलावरों द्बारा कुछ राउंड फायर किए गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीन आफ क्राईम टीम द्बारा मौका का निरीक्षण करवाया गया। मामले कि गम्भीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन ने सीआईए-1 व 2 तथा सीआईए लाडवा की टीमों का गठन करके आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के आदेश दिए थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच तेज कर दी थी। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए की टीमों का गठन किया गया था। दिनांक 26 अप्रैल 26 को अपराध अन्वेषण शाखा-1 की टीम ने मामले में मोटरसाइकिल व असला उपलब्ध करवाने के आरोपी विशाल कुमार यादव उर्फ़ बीडी वासी दप्पर जिला मोहाली व अरुणवीर सिंह उर्फ़ अन्नु वासी टिवाना जिला लालडू पंजाब को गिरफ्तार कर लिया था। दिनांक 18 मई 26 को अपराध अन्वेषण शाखा-की टीम ने मामले में मुख्य शूटर आरोपी आरोपी अर्जुन पंडित वासी कोसीकला जिला मथुरा यूपी को गिरफ्तार कर लिया था।
दिनांक 22 मई 26 को अपराध अन्वेषण शाखा-1 प्रभारी निरीक्षक प्रतीक कुमार के मार्गनिर्देश मे पीएसआई राहुल की टीम ने लाडवा में व्यापारी के घर पर गोली चलाने के मामले में सलिंप्ता पाई जाने पर वांछित आरोपी के पिता घनश्याम तिवारी, माता व भाई दीपक तिवारी वासीयान गांधीनगर यमुनानगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश करके अदालत के आदेश से 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी दीपक से 1 देसी पिस्टल व 4 जिन्दा रौंद बरामद किये गए। दिनांक 26 मई 26 को अर्जुन पंडित सहित सभी आरोपियों को माननीय अदालत में पेश करके अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया।
