कुरुक्षेत्र, 26 मई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुरुक्षेत्र अध्यक्ष दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में तथा सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुरुक्षेत्र सचिव नीतिका भारद्वाज के दिशा निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुरुक्षेत्र द्वारा ट्रैवलर वैन के माध्यम से गांव धानी रामपुरा, टिकरी, बोधनी एवं तलहेड़ी में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।
पैनल अधिवक्ता विशाल मित्तल एवं पैरा लीगल वालंटियर रजत कुमार द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न नालसा योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने नालसा (गरीबी उन्मूलन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन) योजना 2015, नालसा (ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन फॉर ए ड्रग-फ्री इंडिया) योजना 2025, नालसा (एसिड अटैक पीड़ितों को विधिक सेवाएं) योजना 2016, नालसा (वरिष्ठ नागरिकों को विधिक सेवाएं) योजना 2016 तथा नालसा (आशा) बाल विवाह उन्मूलन के लिए जागरूकता, सहयोग, सहायता एवं कार्रवाई योजना 2025 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
ग्रामीणों को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत), राष्ट्रीय लोक अदालत तथा चेक बाउंस (धारा 138 एन.आई. एक्ट) मामलों के लिए विशेष लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई, जिनका आयोजन 30 मई व 18 जुलाई को किया जाना है। उन्हें लोक अदालतों के माध्यम से विवादों के त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण निपटारे के लाभों से अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त प्लास्टिक मुक्त हरियाणा – हरित आज, सुरक्षित कल अभियान के बारे में भी जागरूकता फैलाते हुए ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, एकल उपयोग प्लास्टिक के कम प्रयोग तथा जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के बारे में जागरूक करने के लिए एल.एन.जे.पी. अस्पताल से जसपाल ने ग्रामीणों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, पान मसाला तथा अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन मुंह का कैंसर, फेफड़ों का कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों तथा अनेक गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि तंबाकू की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार एवं समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है। ग्रामीणों को तंबाकू सेवन से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी इस संबंध में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुरुक्षेत्र द्वारा प्रदान की जाने वाली नि:शुल्क विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता सामग्री वितरित की गई तथा उपस्थित ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *