अम्बाला, 26 मई – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के लिए स्वर्णिम काल साबित हुए हैं। इस दौरान देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है, जनता का विश्वास मजबूत हुआ है, आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है तथा डिजिटल क्रांति के माध्यम से भारत ने विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें स्थान से उठकर 5वें स्थान पर पहुंची है, जो देश की आर्थिक मजबूती और वैश्विक प्रभाव का प्रमाण है।
मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब देते हुए श्री अनिल विज ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत की वैश्विक छवि में ऐतिहासिक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि पहले जब आतंकवादी घटनाएं होती थीं, तब केवल शोक और श्रद्धांजलि तक ही प्रतिक्रियाएं सीमित रह जाती थीं, लेकिन अब भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक और कठोर कार्रवाई करने वाला राष्ट्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के विरुद्ध सख्त नीति अपनाई है। आज यदि कोई आतंकवादी गतिविधि होती है, तो भारत मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। सर्जिकल स्ट्राइक और “ऑपरेशन सिंदूर” जैसे अभियानों के माध्यम से आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट कर देश की सुरक्षा और सम्मान को नई मजबूती प्रदान की गई है।
श्री विज ने कहा कि भारत के राष्ट्रीय प्रतीक चिन्ह में अंकित तीन शेर शक्ति, साहस और आत्मविश्वास के प्रतीक हैं, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन्हीं मूल्यों के अनुरूप देश को विश्व मंच पर मजबूती के साथ खड़ा करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मनिर्भरता, विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और विश्व समुदाय भारत को नई दृष्टि से देख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *