पानीपत। पानीपत के अधिवक्ता सुधीर जाखड़ ने कॉकरोच जनता पार्टी के आधिकारिक पंजीकरण के लिए भारत निर्वाचन आयोग के सचिव को आवेदन भेजा है। यह आवेदन लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29ए के तहत किया गया है।
पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक सुधीर जाखड़ के अनुसार, यह राजनीतिक पहल जन-केंद्रित लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक कर्तव्यों के प्रचार-प्रसार को समर्पित होगी। सुधीर जाखड़ ने बताया कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51ए के तहत नागरिकों के कर्तव्यों का प्रचार-प्रसार पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके अलावा शासन व्यवस्था और सार्वजनिक प्राधिकरणों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सोशल आडिट और प्रशासनिक पारदर्शिता पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और वन्य जीवों की सुरक्षा को भी अपने प्रमुख एजेंडे में शामिल करेगी। पशुओं के प्रति क्रूरता रोकने और मानवीय व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की योजना भी बनाई गई है। पार्टी भ्रष्टाचार उजागर करने वाले व्हिसलब्लोअर्स को सुरक्षा देने, कानूनी साक्षरता अभियान चलाने तथा सामुदायिक सेवा को प्रोत्साहित करने के लिए भी काम करेगी।
सुधीर जाखड़ के अनुसार, चुनाव आयोग को सौंपे गए आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि पार्टी पूरी तरह संवैधानिक दायरे में रहकर कार्य करेगी। पार्टी ने भारत के संविधान, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और गणराज्य की भावना के प्रति अपनी पूर्ण निष्ठा व्यक्त की है। इसके साथ ही देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता बनाए रखने के संकल्प को भी दोहराया गया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी बिना किसी धर्म, जाति, लिंग, भाषा, क्षेत्र या समुदाय के भेदभाव के सभी वर्गों को साथ लेकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक सुधारों के लिए कार्य करेगी। राष्ट्रीय संयोजक ने बताया कि चुनाव आयोग से निर्देश मिलते ही पार्टी का संविधान, शपथ पत्र, सदस्यता विवरण और पदाधिकारियों की सूची समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज भी जमा करा दिए जाएंगे।
