अंबाला। अंबाला कैंट महेश नगर थाना क्षेत्र के तहत प्रीत नगर में एक घर से दो बहनों के शव बरामद हुए हैं। बताया जाता है कि कमरा बंद था, जबकि कुछ दिन पहले इनकी मौत हुई। जब बदबू ज्यादा उठी तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को मौके पर बुलाया।

पहले डायल 112 आई, जिसके बाद थाना महेश नगर पुलिस जांच को पहुंची। पुलिस ने दोनों शवाें को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट की मोर्चरी में रखवाया है। शवों की पहचान मनु व अंजना के रूप में हुई है। मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है, जबकि शव लेने अभी कोई नहीं आया है। अब पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
दरअसल दो बहनें अंबाला कैंट के प्रीत नगर में बने कमरे में रह रही थीं। एक जहां मानसिक रूप से बीमार थी, तो दूसरी महिला कामकाज करती व उसकी देखभाल करती थी। यह दोनों न तो किसी से मिलती थीं और न ही ज्यादा बातचीत करती थीं। कुछ दिनों से इनकी हलचल भी नहीं दिखाई दी। शुक्रवार को कमरे से बदबू आने लगी, जिस पर लोगों को शक हुआ।
लोगों ने डायल 112 को काल की, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद थाना महेश नगर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया। अभी तक शव लेने कोई नहीं आया है। इस मकान में यह दोनों ही रह रहीं थीं। जांच अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि माैत के कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *