पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के सिवाह नहर पुल से सोमवार को दंपती नहर में पूजा सामग्री प्रवाहित करने गया था। इसी दौरान पैर फिसल जाने से दोनों पानी में बह गए।
मृतक कमलेश (56) का शव सोमवार शाम को बरामद हो गया था वहीं, मुरारी लाल गोयल (60) का शव बुधवार को घटनास्थल से 34 किलोमीटर दूर खूबडू झाल के पास नहर में तैरता मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि करनाल के असंध के गीता कालोनी निवासी मुरारी लाल गोयल पत्नी कमलेश के साथ सिवाह के पास नहर में पूजा सामग्री प्रवाह करने के समय नहर में गिर गए थे।
तीन दिन चला सर्च अभियान
एसडीआरएफ की टीम ने लगातार तीन दिन तक नहर में सर्च अभियान चलाया गया। कई स्थानों पर गोताखोरों ने तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था। बुधवार सुबह सोनीपत क्षेत्र में नहर में शव मिलने की सूचना पर पुलिस हरकत में आई। जांच के बाद शव की पहचान मुरारी लाल के रूप में हुई। पुलिस ने तीन दिनों में 38 घंटे से अधिक सर्च आपरेशन चलाया।
