समालखा (पानीपत)। प्रदेश के पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान जो हुआ उसकी सच्चाई सबके सामने आ चुकी है। प्रदेश का इतिहास कभी जातीय हिंसा का नहीं रहा, कुछ लोगों ने ऐसे हालात पैदा किए कि आंदोलन भड़क गया।
लोगों को निशाना बनाया गया। समाज को बांटने की कोशिश की, अब ऐसे लोगों की पोल खुल चुकी है। कैप्टन अभिमन्यु ने ये बातें मनाना स्थित ताऊ देवीलाल मेमोरियल बीएड कालेज में रविवार को भाईचारा स्नेह सम्मेलन के दौरान कही। सम्मेलन का आयोजन सर्व समाज की ओर से किया गया।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि एक व्यक्ति ने अपने बेटे को स्थापित करने के लिए अपना वर्चस्व बनाने के लिए युवाओं को जेल में डलवाया, समाज को जलवाया, ऐसे लोगों को कभी माफी नहीं मिल सकती। कैप्टन ने कहा कि समाज में भाईचारा बनाने के लिए मुहिम लेकर मैं निकल पड़ा हूं। प्रदेश का हर जिला, खंड व गांव जाऊंगा, जरूरत पड़ी तो उत्तरप्रदेश, राजस्थान भी जाऊंगा। पहले प्रदेश में भाईचारा कायम करूंगा।
पर्ची से नौकरी देने वालों ने चौटाला को जेल क्यों करवाई
पूर्व वित्तमंत्री ने कहा कि जो लोग आज खुद पर्ची से नौकरी देने की बात स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने ओमप्रकाश चौटाला को जेल क्यों करवाई, इसका जवाब कौन देगा। इतिहासकारों ने खापों के खिलाफ साजिश रची। खापों का इतिहास सदा गौरवशाली रहा है। वहीं, मनोज जौरासी, सुरेंद्र अहलावत, सुभाष कुहाड़ और सुरेश मच्छरौली ने भी सभा को संबोधित किया।
