पानीपत/कुरुक्षेत्र। जिले की एक कालोनी में कुरुक्षेत्र की 17 वर्षीय महिला खिलाड़ी को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। कुरुक्षेत्र महिला थाना पुलिस ने जीरो एफआइआर दर्ज कर पानीपत भेज दी। पानीपत पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस शिकायत में महिला स्पोर्ट्स कोच ने बताया कि पीड़िता पिछले छह साल से उनके पास कोचिंग ले रही है। आरोप है कि आठ मई को मुख्य आरोपित परमजीत ने अज्ञात नंबर से फोन कर पीड़िता को पानीपत की एक कालोनी में अपने घर बुलाया।
जब पीड़िता वहां पहुंची तो परमजीत ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद बेहोशी की हालत में पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। आरोपित ने पीड़िता को 11 मई तक अपने घर में बंधक बनाकर रखा और उसके साथ बार-बार गलत काम किया।

पीड़िता की महिला स्पोर्ट्स कोच ने पुलिस शिकायत में आरोप लगाते हुए बताया कि 11 मई की सुबह आरोपित रजनीश और कमल भी वहां पहुंच गए। रजनीश ने अपने फोन से दिल्ली निवासी आरोपित भारत को वीडियो काल की। भारत ने पीड़िता को लालच देते हुए कहा कि जैसा हम कहते हैं वैसा करो, हम तुम्हें बहुत सारा पैसा देंगे और तुम्हारी नौकरी भी लगवा देंगे।

आरोपितों ने पीड़िता पर दबाव बनाया कि वह कुरुक्षेत्र के सेक्टर-3 में कराटे एसोसिएशन आफ इंडिया के अधिकारियों के खिलाफ झूठी दरखास्त दे और मीडिया बुलाकर उन्हें बदनाम करे, ताकि बदनामी के डर से यह एसोसिएशन बंद हो जाए।

इसके बाद आरोपित कमल और रजनीश ने भी पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता किसी तरह से आरोपितों के चंगुल से निकलकर अपनी कोच के पास पहुंची। इसके बाद मामले में कुरुक्षेत्र पुलिस को 12 मई को शिकायत दी।

मेडिकल के बाद बयान पर जीरो एफआइआर की दर्ज

कुरुक्षेत्र की महिला थाना प्रभारी पुष्पा ने बताया कि 12 मई को कराटे कोच पीड़िता को उनके पास लेकर आई थी। उन्होंने पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद बयान के आधार पर जीरो एफआइआर दर्ज की। वारदात पानीपत की बताई, जिस कारण उनकी तरफ से मामला पानीपत पुलिस के पास ट्रांसफर कर दिया। अब आगे की जांच पानीपत पुलिस कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *