चरखी दादरी। जिले की राजनीति में बयानबाजी अब कानूनी लड़ाई तक पहुंच गई है। आम आदमी पार्टी के हलका अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एडवोकेट राकेश चांदवास ने बाढड़ा से भाजपा विधायक उमेद पातुवास को दो करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। हालांकि विधायक ने अभी तक नोटिस नहीं मिलने की बात कही है।

आप नेता द्वारा नोटिस में विधायक द्वारा एक टीवी चैनल पर दिए गए बयान को आधार बनाया गया है, जिसमें उन्होंने उसे ब्लैकमेलर कहने के आरोप लगाए हैं। राकेश चांदवास ने बताया कि उनकी ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस में कहा गया है कि विधायक उमेद पातुवास ने बिना किसी तथ्य और प्रमाण के सार्वजनिक मंच पर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया है।
विधायक के बयान से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और राजनीतिक छवि को नुकसान हुआ है। आप हलका अध्यक्ष ने कहा कि वह लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं तथा क्षेत्र में जनहित के मुद्दे उठाते रहे हैं। ऐसे में विधायक द्वारा टीवी इंटरव्यू के दौरान इस्तेमाल की गई भाषा पूरी तरह अनुचित और अपमानजनक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के चलते उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है। नोटिस में विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और बयान वापस लेने की मांग की गई है।

इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि तय समय के भीतर जवाब नहीं मिलने पर अदालत का दरवाजा खटखटाया जाएगा। दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच भी सोशल मीडिया पर बयानबाजी जारी है। विधायक उमेद पातुवास ने कहा कि अभी तक उन्हें मानहानि का कोई नोटिस नहीं मिला है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *