भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से घोषित 10वीं और 12वीं कक्षा के परिणाम में भले ही प्राइवेट स्कूलों का दबदबा रहा हो मगर सरकारी स्कूलों ने भी बेहतर परिणाम दिए है।

इस बार 10वीं, 12वीं के 55 प्रतिशत स्कूलों ने 90 प्रतिशत से अधिक परिणाम दिए। 10वीं के 2045 स्कूल यानी 62.76 प्रतिशत स्कूलों का परिणाम 90 प्रतिशत से अधिक रहा। 12वीं के 1023 स्कूलों ने 90 प्रतिशत से अधिक का परिणाम दिया जो कि करीब 43.62 प्रतिशत है।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से घोषित 10वीं और 12वीं के परिणाम में प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थी छाए रहे और सरकारी स्कूल पिछड़े नजर आए। मगर सरकारी स्कूलों के परिणाम में भी काफी सुधार हुआ है।

10वीं कक्षा की बात करें तो प्रदेश के 3258 सरकारी स्कूलों के 1,51,176 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 1,31,865 पास हुए। पास प्रतिशतता 87.23 रही। जबकि प्राइवेट स्कूलों के 92.45 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए। 12वीं कक्षा में 2345 सरकारी स्कूलों के 1,44,362 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें से 1,19,005 पास हुए।
18,662 की कंपार्टमेंट आई तो 6695 फेल हुए। पास प्रतिशतता 82.44 प्रतिशत रही। इसके विपरित प्राइवेट स्कूलों के 87.94 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए। बेशक परिणाम में पिछले सरकारी स्कूलों का परिणाम भी बेहतर रहा है। 10वीं कक्षा में 90 प्रतिशत सरकारी स्कूलों का परिणाम 70 प्रतिशत से अधिक रहा है। 12वीं कक्षा के 82.55 प्रतिशत सरकारी स्कूलों ने 70 प्रतिशत से अधिक परिणाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *