करनाल, 13 मई : शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में अपरा एकादशी बड़े ही श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई। एकादशी पर मंदिर व बाबा श्याम के स्वरूप को फूलों से सजाया और महकाया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। सुबह से लेकर शाम तक मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। सभी भक्तों के हाथों में गुलाब के फूल नजर आ रहे थे। बहुत से भक्तजनों ने निशान चढ़ाकर मन्नत मांगी। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर की ओर से ठंडे मीठे पानी की छबील भी लगाई गई। एकादशी के उपलक्ष्य में मंदिर में कीर्तन का आयोजन भी किया गया। श्रद्धालुओं ने खुब कीर्तन का आनंद उठाया। कीर्तन के दौरान हुए गुणगान के माध्यम से श्रद्धालुओं को अपरा एकादशी महत्व बताया गया। मंदिर कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर पंडित दीपक पांडे ने बताया कि ज्येष्ठ मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी को अपरा एकादशी मनाई जाती है। जिसे अचला एकादशी भी कहते हैं। यह एकादशी अपार पुण्य और पापों का नाश करने वाली मानी जाती है। यह व्रत ब्रह्महत्या, झूठ बोलने, निंदा और भूत योनि जैसे कष्टों से मुक्ति दिलाकर मोक्ष प्रदान करता है। मान्यता है कि इस दिन विष्णु पूजा से अपार धन, यश और सौभाग्य प्राप्त होता है। इस अवसर पर मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने बताया कि श्री खाटू श्याम मंदिर में हर एकादशी पर भजन कीर्तन का आयोजन किया जाता है। करनाल सहित दूर-दूर लोग दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंचते है और सबकी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। मंदिर कमेटी की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए सभी प्रकार की व्यवस्थाएं की जाती है। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता, राजेश गर्ग, महेंद्र गुप्ता, अनिल गर्ग, राम करण गोयल, अशोक सिंघला, अनुपम त्रिपाठी, पंडित उमेश पांडे, पवन गुप्ता, हरीश जिंदल, राजेश सिंघला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
