रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका चुनाव की मतगणना बुधवार को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग देने वाले मतदाताओं, अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और प्रशासन ने पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करवाया। नगर परिषद रेवाड़ी के रिटर्निंग अधिकारी एवं एडीसी ने विजेता प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस दौरान अधिकारियों ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूती प्रदान करने तथा जनहित में कार्य करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बल की तैनाती तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं ताकि प्रक्रिया निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके। इस अवसर पर नगर परिषद रेवाड़ी के सामान्य पर्यवेक्षक जगनिवास ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता शांतिपूर्ण एवं विश्वसनीय चुनाव कराना रही, जिसमें सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाई। वहीं इस चुनाव में भाजपा के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ रहे कई बाहुबलियों को निर्दलीय प्रत्याशियों ने कड़ी शिकस्त दी। वहीं इन दोनों चुनाव में बीजेपी चेयरपर्सन प्रत्याशी की जीत ने स्पष्ट कर दिया कि इलाके में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत का दबदबा कायम है।
रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव में चेयरमैन पद पर भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी विनीता पीपल ने शानदार जीत दर्ज की। विनीता पीपल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार निहारिका को 21 हजार 455 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। चुनाव परिणामों के अनुसार विनीता पीपल को कुल 44 हजार 521 वोट प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी निहारिका को 23 हजार 66 मत मिले। इसके साथ ही नगर परिषद रेवाड़ी के सभी 32 वार्डों के पार्षद पदों के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं।
वहीं राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा में आज नगर पालिका चुनाव की मतगणना का कार्य शांतिपूर्वक माहौल में संपन्न हुआ। निर्वाचन अधिकारी एवं रेवाड़ी के एसडीएम सुरेश कुमार की देखरेख में मतगणना करवाई गई। यहां ऑब्जर्वर के तौर पर महेंद्रगढ़ जिला के एडीसी तरुण पावरिया तथा पुलिस ऑब्जर्वर के तौर पर गुरुग्राम की संयुक्त पुलिस आयुक्त संगीता कालिया ने मतगणना कार्य व सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। यहां से भाजपा प्रत्याशी सत्यनारायण उर्फ अजय जांगड़ा चेयरमैन पद के लिए निर्वाचित घोषित किए गए।
सर्वप्रथम सुबह आठ बजे पार्षद पद के लिए मतों की गिनती करवाई गई। उसके बाद चेयरमैन पद के लिए मतों की गणना हुई। महाविद्यालय के सभागार में मतगणना के लिए चार टेबल लगाई गई व सात राउंड में यह कार्य किया गया। तीन घंटे तक चली इस मतगणना में चेयरमैन पद के लिए भाजपा उम्मीदवार सत्यनारायण उर्फ अजय जांगड़ा को 9392 वोट मिले। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी बाबू लाल लांबा को 6236 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। बाबू लाल लांबा को 3156 व कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी राज को 1817 मत प्राप्त हुए। चेयरमैन पद के लिए चुनाव में यहां कुल 6 उम्मीदवार थे।
वार्ड नंबर एक से कविता बुधवार को पार्षद चुना गया। उन्होंने 258 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी योगेश शर्मा को नौ वोटों से हराया। योगेश शर्मा को 249 वोट मिले। वार्ड नंबर दो में देवेंद्र कुमार शर्मा निर्वाचित हुए। देवेंद्र शर्मा को 699 मत मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी कविता ने 361 वोट लिए। वार्ड नंबर तीन से त्रिलोक सिंह धारीवाल को निर्वाचित घोषित किया गया। उन्होंने 682 वोट लेकर नितेश यादव को 59 मतों से पराजित किया। वार्ड नंबर चार से निहाल सिंह पार्षद चुने गए हैं। उन्हें 452 मत प्राप्त हुए और उनके नजदीकी उम्मीदवार सुनील कुमार ने 312 वोट लिए। वार्ड नंबर 5 से गोपाल विजयी हुए। उनको 412 वोट मिले और उन्होंने पालन शर्मा को 88 वोटों से हराया।
वार्ड नंबर 6 से कृष्णा देवी निर्वाचित हुईं। उन्हें 489 और उनकी निकटतम उम्मीदवार बीना देवी को 305 मत प्राप्त हुए। वार्ड सात से मोनिका विजयी रहीं। उन्होंने सुनीता को 144 मतों से पराजित किया। वार्ड नंबर आठ से अमन राव ने 477 वोट लेकर वरुण कुमार को 103 मतों से हराया। वार्ड नंबर नौ से रंजन यादव निर्वाचित हुए। पार्षद पद पर उन्होंने विपिन सिंह को 78 वोटों के अंतर से हरा कर यह जीत हासिल की। वार्ड नंबर दस से अमित यादव ने 179 मत प्राप्त कर सुरेश बोहरा को 43 मतों से पराजित किया। सुरेश बोहरा को 136 वोट मिले। वार्ड नंबर 11 से रीना रानी ने जय सिंह को 56 मतों से हरा कर जीत हासिल की। वार्ड नंबर 12 से धर्मबीर ने 438 वोट लेकर जीत प्राप्त की। उन्होंने जितेंद्र सिंह नेगी को 289 वोट के भारी अंतर से हराया। वार्ड नंबर 13 में प्रिया कुमारी 292 वोट लेकर विजयी रहीं। उन्होंने बिमला देवी को 126 वोटों से पराजित किया। वार्ड नंबर 14 में अनिल कुमार ने 525 मत लेकर पार्षद पद प्राप्त किया। उन्होंने अनु को 83 वोटों से हराया। वार्ड नंबर 15 में किरण ने जीत हासिल की। उनकी प्रतिद्वंद्वी सुनीता रानी को 373, जबकि किरण को 574 वोट मिले। वार्ड नंबर 16 में काफी नजदीकी मुकाबला देखने को मिला। यहां मनीषा सैनी ने 650 मत प्राप्त कर केवल तीन मतों से जीत हासिल की। उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी दीपा को 647 वोट मिले। वार्ड नंबर 17 में मन्शा सैनी ने 418 वोट लेकर जीत हासिल की। उनकी नजदीकी उम्मीदवार पुष्पा को 223 वोट मिले। वार्ड नंबर 18 में सुमित्रा देवी ने 445 वोट प्राप्त कर नीतू यादव को 234 मतों से पराजित किया। एसडीएम सुरेश कुमार ने बतौर निर्वाचन अधिकारी सभी जीते हुए प्रत्याशियों को निर्वाचन-पत्र प्रदान किये।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *