चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज पंजाब के हालात बंगाल से भी बुरे हैं। पंजाब की जनता पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी द्वारा छली गई थी। पंजाब के विधायक भी ‘आप’ में घुटन महसूस कर रहे हैं और पार्टी से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश व राजस्थान के पिछले विधानसभा चुनावों में हरियाणा के कांग्रेस नेताओं ने भाजपा को हराने के लिए पैसा खर्च कर डमी उम्मीदवार खड़े किए थे, मगर दोनों राज्यों की जनता ने इंडिया गठबंधन को आईना दिखा दिया।

इन विपक्षी दलों का यही हाल अब पंजाब में होने वाला है। इंडिया गठबंधन के नेता लोकतंत्र का सम्मान नहीं करते और हार जाने के बावजूद कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं होते।

मुख्यमंत्री नायब सैनी 24 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वितरण करने के बाद मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सदस्यों के भाजपा में आने से जुड़े सवाल पर नायब सैनी ने कहा कि उन सभी सांसदों ने केंद्र सरकार द्वारा संसद में रखे गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन की बात कही थी, लेकिन अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान यह नहीं चाहते थे कि नारी के सम्मान का अधिनियम पारित हो।

आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले सांसदों ने अपनी आत्मा की आवाज पर केजरीवाल व भगवंत मान से मुक्ति पाई है। उनसे पहले ‘आप’ के कई बड़े नेताओं ने पार्टी से भागकर अपनी जान बचाई थी। अब पंजाब के आप विधायक भी पार्टी से निकलने की सोच रहे हैं।

डीजीपी बम ब्लास्ट के तार ISI से जुड़े होने के संकेत दे रहे

मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी के शासनकाल में आम जनता पर अत्याचार होता था। ऐसे ही हालात आज पंजाब में हैं। पंजाब में नशा और कानून व्यवस्था सरकार के नियंत्रण से बाहर है। पंजाब में हुए बम ब्लास्ट के संबंध में वहां के मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि उन्हें इस बारे में कुछ पता नहीं है, जबकि डीजीपी बम ब्लास्ट के तार आइएसआइ से जुड़े होने के संकेत दे रहे हैं।

पंजाब सरकार नशे व माइनिंग को नियंत्रित करने का झूठा दिखावा कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग पहले कांग्रेस के भ्रष्टाचार से तंग थे, अब पंजाब आप के भ्रष्टाचार से तंग हैं।

रियाणा में महिलाओं को 2100 रुपये मासिक आरंभ से ही दिए जा रहे

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग बदलाव चाहते हैं। वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने का काम करेंगे। पंजाब में भाजपा की सरकार बनने के बाद वहां वही योजनाएं लागू की जाएंगी जो हरियाणा में लागू की गई हैं। पंजाब सरकार सिर पर चुनाव देखकर महिलाओं को एक हजार रुपये मासिक देने का नाटक कर रही है।

इसके विपरीत हरियाणा में महिलाओं को 2100 रुपये मासिक आरंभ से ही दिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में जितने भी घुसपैठिये आए, वे सब कांग्रेस की सरकार के दौरान आए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसानों की 24 फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं, जबकि पंजाब में किसानों को उनकी बर्बाद फसल का मुआवजा भी नहीं मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *