अंबाला। चार महीने देरी से हो रहे नगर निगम चुनाव में 10 दिन तक चला चुनावी शोरगुल आखिरकार शुक्रवार शाम छह बजे थम गया। अब कोई भी प्रत्याशी न तो चुनावी जनसभा कर सकेगा न ही रैली। इतना ही नहीं तेज आवाज में बचने वाले गाड़ियों पर लगे लाउडस्पीकर भी बंद हो जांएगे।

लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से शनिवार को भी डोर टू डोर दस्तक देकर मतदाताओं से वोट मांग सकेंगे। इसके बाद रविवार को सभी प्रत्याशी मतदान केंद्रों पर ही मिलेंगे। शुक्रवार को दिनभर सभी प्रत्याशियों ने अपना-अपना शक्ति प्रदर्शन किया। मेयर पद प्रत्याशियों से लेकर पार्षद पद प्रत्याशियों ने चुनावी रैलियां निकालकर अपनी-अपनी जीत के दावे किए। बता दें कि 13 अप्रैल को चुनाव आयोग ने निगम चुनावों की घोषणा की थी। 28 को नाम वापसी और चुनाव चिह्न जारी करने के बाद 29 अप्रैल को चुनाव प्रचार-प्रसार शुरू हुआ था जोकि शुक्रवार को थम गया।

प्रशासन ने जारी नहीं की पोस्टर, होर्डिंग और रैली स्थलों की आधिकारिक सूचना

इस चुनाव की खास बात यह रही की प्रशासन ने इस पूरी चुनावी प्रक्रिया के दौरान पोस्टर और होर्डिंग लगाने के लिए आधिकारिक स्थलों की कोई सूची जारी नहीं की। इसी तरह रैली कहा-कहां आयोजित की जा सकती हैं और कहां नहीं। इसकी भी कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं हुई। बड़ी बात यह रही कि प्रशासन ने पूरे चुनाव के दौरान 191 में से कितने बूथ संवेदनशील हैं और कितने अतिसंवेदनशील इसकी भी जानकारी आधिकारिक तौर पर प्रकाशित नहीं की। लिहाजा शहर में इस बार चुनाव से ज्यादा पोस्टर वार चला।

1,98,224 मतदाता किस पर बरसाएंगे अपनी कृपा

नगर निगम के 20 वार्डों में कुल एक लाख 98 हजार 224 मतदाता है। लेकिन यह अपनी कृपा किस पर बरसाएंगे यह तस्वीर 13 मई को तय होगी। कुल मतदाताओं में 102654 पुरुष मतदाता व 95550 महिला मतदाता और 20 अन्य शामिल हैं। मेयर पद के लिए भाजपा की अक्षिता, कांग्रेस की कुलविंद्र कौर और आजाद प्रत्याशी सोनिया चौधरी मैदान में हैं। रविवार को सुबह 8 बजे से शाम छह बजे तक शहर में 191 बूथों पर मतदान होंगे।

प्रत्याशियों की धड़कनें हुई तेज

चुनावी प्रचार-प्रसार थमने के बाद सभी प्रत्याशियों की धड़कनें भी तेज हो गई हैं। पार्षद पद के लिए जो 65 उम्मीदवार चुनावी समर में कूदे हुए हैं सभी अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित कर चुके हैं लेकिन सभी के मन में शंका भी है। लिहाजा अब यही शंका उन्हें बेचैन कर रही है। इसी शंका के चलते अब आने वाले 5 दिन इन्हें नींद भी नहीं आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *