अंबाला में प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा – मतदाता भाजपा के पक्ष में, 10 मई को बड़े बहुमत से जीतेंगे सभी प्रत्याशी
झूठ बोलना और दुष्प्रचार करके भाग जाना कांग्रेस की आदत बन चुकी है : मोहन लाल बड़ौली

अम्बाला, 3 मई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने अंबाला सिटी में प्रेसवार्ता के दौरान नगर निगम चुनावों को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मतदाताओं का रुझान पूरी तरह भाजपा के पक्ष में है और अंबाला सहित पूरे हरियाणा में एकतरफा माहौल भाजपा के पक्ष में देखने को मिल रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका के सात स्थानों पर चुनाव हो रहे हैं और सभी जगह भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के पार्षद और चेयरमैन बड़े बहुमत से जीतकर आएंगे जिससे प्रदेश में विकास को और गति मिलेगी।
प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि उन्होंने आज अंबाला के छह वार्डों का दौरा किया है, जहां जनता का समर्थन स्पष्ट रूप से भाजपा के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों के प्रत्याशियों और मेयर प्रत्याशी अक्षिता सैनी के समर्थन में लोगों का मन बन चुका है और 10 मई को मतदाता कमल के फूल पर बटन दबाकर भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएंगे।
श्री बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं। शहरों में कम्युनिटी सेंटर, सड़कों, गलियों, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार बनने के बाद इन सेवाओं को और बेहतर तरीके से जनता तक पहुंचाया जाएगा।
एक सवाल पर बोलते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बहुत से राजनीतिक दल व नेता ऐसे हैं जिनका अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने की आदत बन चुकी है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना, झूठ बोलना और झूठा प्रचार कर भाग जाना कांग्रेस की आदत है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हलके शब्दों का प्रयोग करना ऐसे दलों के स्वभाव और संस्कार में है और भाजपा इसकी निंदा करती है।
पांच राज्यों में हुए चुनाव पर बोलते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि आसाम में भी भाजपा की सरकार बनेगी। श्री बड़ौली ने कहा कि तमिलनाडू और अन्य राज्यों में भी भाजपा के विधायकों की संख्या कई गुणा बढ़ने वाली है। प्रेसवार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष मंदीप राणा, जिला प्रभारी धर्मबीर मिर्जापुर, यमुनानगर की मेयर समुन, रितेश गोयल, जिला मीडिया प्रभारी साहिल कक्कड़ भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *