करनाल रनर्स ग्रुप ने किस्मत विर्क की उपलब्धि पर दी उन्हें बधाई
करनाल, 3 मई : करनाल की बेटी किस्मत विर्क ने ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में आयोजित विश्व प्रसिद्ध आयरन मैन प्रतियोगिता में भाग लेकर शानदार उपलब्धि हासिल की है। कठिन और चुनौतीपूर्ण मानी जाने वाली इस प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक पूरा कर उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे करनाल जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। आयरन मैन प्रतियोगिता दुनिया की सबसे कठिन फिटनेस चुनौतियों में गिनी जाती है, जिसमें प्रतिभागियों को एक साथ लंबी दूरी की तैराकी, साइक्लिंग और दौड़ पूरी करनी होती है। किस्मत विर्क ने इस चुनौती में 2.5 किलोमीटर स्विमिंग, 90 किलोमीटर साइक्लिंग और 22 किलोमीटर रनिंग पूरी कर अपनी अद्भुत इच्छाशक्ति, मेहनत और फिटनेस का परिचय दिया। यह जानकारी करनाल रनर्स ग्रुप के सदस्य राहुल कौशिक ने दी ओर उन्होंने बताया कि किस्मत विर्क करनाल की पूर्व विधायक सुमिता सिंह की बेटी हैं। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता की खबर मिलते ही करनाल में खुशी की लहर दौड़ गई। करनाल रनर ग्रुप के सदस्यों के साथ-साथ शहरवासियों, खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने इसे करनाल के लिए गर्व का पल बताया है। करनाल रनर्स ग्रुप ने भी किस्मत विर्क की उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए कहा कि उन्होंने शहर की बेटियों को नई पहचान दी है और यह साबित किया है कि मेहनत, अनुशासन और संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। ग्रुप के सदस्यों ने कहा कि किस्मत की सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी। गौरतलब है कि इससे पहले करनाल के राहुल तथा तत्कालीन डीसी अनीश यादव भी आयरन मैन का खिताब हासिल कर चुके हैं। अब किस्मत विर्क ने इस सूची में अपना नाम दर्ज करवाकर करनाल को एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई है। उल्लेखनीय है कि आयरन मैन प्रतियोगिता केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं बल्कि मानसिक मजबूती, धैर्य और निरंतर अभ्यास की भी परीक्षा होती है। ऐसे में किस्मत विर्क की सफलता और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। शहर के गणमान्य लोगों ने किस्मत विर्क को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि आने वाले समय में कई युवाओं और बेटियों को खेलों तथा फिटनेस के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। करनाल आज अपनी इस बेटी की सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *