बोले : हरियाणा के विकास में चौ. भजनलाल और उनके परिवार के योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता
करनाल, 27 अप्रैल : भाजपा सांसद रेखा शर्मा के एक बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी भजनलाल पर की गई टिप्पणी को कांग्रेस नेताओं ने अनुचित और आपत्तिजनक करार दिया है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य व किसान सेल के राष्ट्रीय संयोजक ललित बुटाना ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह के बयान राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के लगाए गए आरोप न केवल एक वरिष्ठ नेता की छवि को प्रभावित करते हैं, बल्कि इससे राजनीतिक माहौल भी खराब होता है। उन्होंने आगे कहा कि जो व्यक्ति अब इस दुनिया में नहीं है, उसके प्रति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल हमारी सांस्कृतिक परम्पराओं के अनुरूप नहीं है। हरियाणा के विकास में चौधरी भजनलाल और उनके परिवार की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए ललित बुटाना ने कहा कि उनके योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि चौ. भजन लाल हरियाणा के एक प्रमुख राजनेता थे, जो तीन बार (1979-82, 1982-86, 1991-96) राज्य के मुख्यमंत्री रहे। जिन्होंने एक सरपंच से मुख्यमंत्री पद तक का सफर तय किया। उन्होंने केंद्र सरकार में कृषि और पर्यावरण मंत्री के रूप में भी कार्य किया। उनके ही कार्यकाल में उनके पिता स्व. चौ. चंदा सिंह मंत्री रहे। वह एक मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे और समाज के सभी लोगो को साथ लेकर चलने वाले व्यक्ति थे। ऐसे में भाजपा सांसद रेखा शर्मा द्वारा ऐसे वरिष्ठ नेता के खिलाफ बयानबाजी करना बेहद ही निंदनीय है। भाजपा सांसद रेखा शर्मा को अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से खेद जताना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में जिम्मेदार नेताओं को संयम बरतना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक गरिमा को बनाए रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *