चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजनलाल पर भाजपा की राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा द्वारा की गई टिप्पणियों का विवाद तूल पकड़ गया है। भजनलाल के पूर्व सांसद बेटे कुलदीप बिश्नोई, उनकी पूर्व विधायक पत्नी रेणुका बिश्नोई और पूर्व विधायक पोते भव्य बिश्नोई इस समय भाजपा की राजनीति कर रहे हैं। भजनलाल के दूसरे बेटे चंद्रमोहन बिश्नोई पंचकूला से कांग्रेस के विधायक हैं।

रेखा शर्मा ने पंचकूला नगर निगम के भाजपा उम्मीदवार शाम लाल बंसल के समर्थन में आयोजित जनसभा के दौरान स्व. भजनलाल और उनके बेटे चंद्रमोहन बिश्नोई पर पिछले चुनावों में बदमाशी करने के आरोप लगाए थे। चंद्रमोहन की ओर से रेखा शर्मा को कानूनी नोटिस भेजा जा चुकी है, लेकिन रेखा शर्मा की ओर से इस विवाद पर किसी तरह की सफाई सामने नहीं आई।

बंसीलाल के बारे में कोई शब्द नहीं बोला

रेखा शर्मा मंच पर जब भजनलाल का नाम ले रही थी, तब उनके मुंह से एक अन्य पूर्व मुख्यमंत्री का नाम निकलते-निकलते रह गया। रेखा शर्मा ने भाजपा की पूर्व राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी को अपना मित्र बताते हुए स्पष्ट कर दिया है कि उन्होंने उनके ससुर स्व. बंसीलाल के बारे में कोई शब्द नहीं बोला था।

लेकिन स्व. भजनलाल की बदमाशी को लेकर उन्होंने किसी तरह की स्पष्ट सफाई नहीं दी। रेखा शर्मा ने कहा कि उन्होंने नाम लेकर किसी व्यक्ति विशेष का जिक्र नहीं किया था। जब कोई कार्यशैली और कार्यपद्धति अपना ली जाती है तो उसका जिक्र करना जरूरी हो जाता है।

पंचकूला के विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई द्वारा नोटिस से जुड़े सवाल पर रेखा शर्मा ने कहा कि वे इसका कानूनी तरीके से जवाब दे देंगी। दूसरी तरफ, कुलदीप बिश्नोई ने दो लाइनों का एक ट्वीट किया है- हम समंदर हैं, हमें खामोश रहे दो, जरा मचल गए तो शहर ले डूबेंगे।

रेखा शर्मा को तुरंत माफी मांगनी चाहिए

कुलदीप बिश्नोई का यह ट्वीट रेखा शर्मा के आरोपों के कई घंटे बाद तब सामने आया, जब लोगों ने दबाव बढ़ा दिया। भजनलाल के पोते भव्य बिश्नोई हरियाणा भाजपा युवा मोर्चा के प्रभारी हैं।

उन्होंने खुलकर कहा कि रेखा शर्मा बिना वोटों के चुनाव जीती हैं। उन्हें भजनलाल की शख्सियत के बारे में कुछ भी जानकारी नहीं हैं। उन्हें अपने शब्दों के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए।

रोहतक के कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह ने भी अलग-अलग बयानों में स्व. भजनलाल के विरुद्ध की गई टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की है। दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सांसद रेखा शर्मा ने स्व. भजनलाल और कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई का अपमान किया है।

उन्हें सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह ने कहा कि रेखा शर्मा केवल सफाई देकर बच नहीं सकती बल्कि भाजपा को पहल करते हुए रेखा शर्मा से इस्तीफा लेना चाहिए। भाजपा सांसद रेखा शर्मा का यह बयान राजनीतिक शिष्टाचार व मर्यादा के खिलाफ हैं। स्व. भजनलाल हरियाणा की अस्मिता व स्वाभिमान के प्रतीक हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *