चंडीगढ़। हरियाणा को स्पोर्ट्स हब के रूप में अधिक मजबूत बनाने तथा मिट्टी से मेडल तक के सपने को साकार करने के लिए शुरू किया गया हरियाणा मिशन ओलिंपिक-2036: विजयीभव: की पूरे देश में गूंज है।

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडवीय और राज्य मंत्री रक्षा खड़के की मौजूदगी में श्रीनगर में तीन दिन तक चले राष्ट्रीय चिंतन शिविर में हरियाणा की खेल और खिलाड़ी छाए रहे। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की राज्य सरकार की नीतियों व योजनाओं से अवगत कराया।

अकेले हरियाणा ने 2036 के ओलिंपिक खेलों में कम से कम 36 पदक जीतकर देश की झोली में डालने का संकल्प लिया तो बाकी राज्यों को सात मेडल की संख्या बढ़ाकर 70 तक ले जाने के लिए प्रेरित किया गया।
इन 70 मेडलों में 36 हरियाणा से होंगे और बाकी 34 देश के अन्य राज्यों के खिलाड़ी जीतकर लाएंगे। गौरव गौतम ने चिंतन शिविर में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए क्लीन एंड सेफ स्पोर्ट्स विषय पर सभी राज्यों के मंत्रियों और अधिकारियों को टिप्स दिए।

उन्होंने कहा कि देश की ढाई प्रतिशत आबादी का हरियाणा 50 प्रतिशत से अधिक पदक जीत रहा है। इसका मुख्य कारण हमारे खिलाड़ियों की लगन और मेहनत के साथ-साथ राज्य की खेल नीतियों का बहुत बड़ा योगदान है। गौरव गौतम ने दावा किया कि हरियाणा का खिलाड़ी हमेशा ड्रग और नशे से दूर रहा है। सभी राज्यों को 10 से 12 वर्ष की आयु से ही खिलाड़ियों को डोप के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा मिशन ओलिंपिक 2036 विजयीभव: के रूप में देश की पहली 10 वर्षीय स्कीम लेकर आ रहा है, जिसमें हरियाणा के एक हजार से ज्यादा खिलाड़ी ओलिंपिक के लिए तैयार होंगे, ताकि हरियाणा साल 2036 में कम से कम 36 पदक जीत कर देश की झोली में डालेगा। शिविर में हरियाणा की खेल पालिसी पर बनी विशेष शार्ट फिल्म से यहां के खिलाड़ियों की तैयारियों व सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस तरह समझिये क्या है मिशन ओलिंपिक 2036

हरियाणा ओलिंपिक मिशन 2036 विजयीभव: हरियाणा सरकार द्वारा 2036 के ओलिंपिक खेलों में पदक जीतने की एक महत्वाकांक्षी पहल है।इसका उद्देश्य 8-10 वर्ष की आयु के बच्चों की पहचान कर उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक प्रशिक्षण और खेल कक्षा के माध्यम से तैयार करना है, ताकि वे भविष्य के चैंपियन बन सकें।

उद्देश्य : 36 पदक जीतने का लक्ष्य।

प्रतिभा खोज : ब्लाक और जिला स्तर पर शानदार खिलाड़ियों की पहचान के तहत एक जिला, एक खेल योजना।

प्रशिक्षण : 8-10 वर्ष के बच्चों पर ध्यान केंद्रित करते हुए प्रेरणा विकास योजना।

खिलाड़ी : एथलीटों को विश्वस्तरीय कोचिंग, लाट सुपरमार्केट स्ट्रक्चर (हाकी एस्ट्रोटर्फ, कोचिंग ट्रैक), खेल विज्ञान और पोषण सहायता प्रदान करना।

आर्थिक सहायता : खिलाड़ियों के लिए 20 लाख रुपये तक का मेडिकल बीमा कवर और विशेष अनुदान।
समावेशी : पैरा-एथलीटों के लिए विशेष पैरा-स्टेडियम और प्रशिक्षण की व्यवस्था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *